महिला डॉक्टर की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज कराने की मांग करते हुए जाम लगाने वाले ग्रामीणों को समझा?
- फोटो : Grnoida
जेवर। महिला डॉक्टर के गलत दवा देने से बेटी की मौत का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सीमा विवाद का मामला बताकर जहांगीरपुर थाना पुलिस के शिकायत नहीं सुने जाने से नाराज ग्रामीणों ने शाम करीब 7:30 बजे जेवर-खुर्जा मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची जेवर कोतवाली पुलिस को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के ग्रामीणों को समझाबुझाकर पौने 8 बजे किसी तरह जाम खुलवाया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जेवर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के गांव नार मौहम्मदपुर निवासी उदयपाल सिंह की बेटी कनक (11) की तबियत खराब थी। परिजनों ने जहांगीरपुर कस्बे में बुलंदशहर से आने वाली महिला डॉक्टर से उपचार शुरू कराया। शनिवार को महिला डॉक्टर के दवा देने के बाद परिजन बच्ची को घर ले गए। जहां उसकी तबियत बिगड़ती चली गई। शनिवार शाम को परिजन उसे अस्पताल लेकर भागे लेकिन रास्ते में बच्ची ने दम तोड़ दिया।
जिसके बाद परिजन जहांगीरपुर कोतवाली जिला बुलंदशहर पहुंचे और आरोपी महिला डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने सीमा विवाद का मामला बताते हुए परिजन की शिकायत लेने से इनकार कर दिया, जिससे ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने शव को जहांगीरपुर पुलिस चौकी के सामने रख जेवर-खुर्जा मार्ग को जाम कर दिया। सूचना के बाद एसीपी जेवर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन नाराज ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। पुलिस अधिकारी के समझाने और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण जाम खोलने को तैयार हुए।
कोतवाली निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि जहांगीरपुर कोतवाली पुलिस से नाराज ग्रामीणों ने जाम लगाया था ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया है। तहरीर के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दो जिलों की पुलिस में अक्सर होता है सीमा विवाद
जहांगीरपुर कोतवाली जिला बुलंदशहर में आती है लेकिन उसके क्षेत्र में जहांगीरपुर कस्बा नहीं आता। जहांगीरपुर कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने पुलिस चौकी बना रखी है। रिपोर्टिंग चौकी नहीं होने के कारण केस दर्ज कराने के लिए जेवर कोतवाली आना पड़ता है। अक्सर जहांगीरपुर में सीमा विवाद के मामले सामने आते रहते हैं।