बिग बॉस विजेता यू-ट्यूबर एल्विश यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ नोएडा पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में 1200 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में रेव पार्टी आयोजित करने और सांपों के जहर की सप्लाई के मामले में फंसे एल्विश समेत अन्य के खिलाफ 24 गवाहों के बयान दर्ज हैं।
आरोप पत्र में नोएडा पुलिस ने कहा है कि एल्विश का जेल भेजे गए सभी सपेरों से संपर्क था। आरोपी सांपों के जहर की खरीद-फरोख्त के काले धंधे में भी शामिल था। आरोप पत्र में एल्विश के खिलाफ लगी एनडीपीएस की धाराओं का आधार भी बताया गया है।
साथ ही उसके सहयोगियों पर लगे आरोपों की पुष्टि की गई है। इसमें मुंबई स्थित डिपार्टमेंट आफ फारेंसिक मेडिसीन टॉक्सिकोलाजी के विशेषज्ञ की सलाह भी शामिल की गई है। डीसीपी नोएडा जोन विद्या सागर मिश्रा ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है।
पर्याप्त साक्ष्यों को अदालत के सामने पेश किया गया है। अहम है कि नवंबर में पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था के पदाधिकारी ने एल्विश यादव और उसके साथियों पर सांपों के जहर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए सेक्टर-49 थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। संस्था के सदस्य ने पूरे प्रकरण का स्टिंग ऑपरेशन किया था।