ग्रेटर नोएडा। शहर में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने और निवासियों को होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए नसबंदी व टीकाकरण के साथ ही ब्योरा भी तैयार किया जा रहा है। प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग की टीम जब कुत्तों को वापस सेक्टर या सोसाइटी में छोड़ने जाती है तो उसका चिकित्सीय परामर्श भी सौंपती है।
प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर प्रोजेक्ट भैरव के नाम से कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण किया जा रहा है। 24 फरवरी से इसकी शुरुआत की गई है। इसके जरिये अब तक पांच सेक्टरों व सोसाइटियों के 34 कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण किया गया है। इनमें ओमीक्रॉन दो, डेल्टा वन, अल्फा वन, बीटा टू व ग्रीन वुड सोसाइटी शामिल हैं। इन कुत्तों को पांच दिन रखकर देखभाल करने के बाद उसी जगह छोड़ दिया गया। वापस छोड़ने के साथ ही वहां की एसोसिएशन को कुत्ते का चिकित्सीय परामर्श भी सौंपा गया है, ताकि उसकी सभी जानकारी आरडब्ल्यूए के पास उपलब्ध रहे। प्रोजेक्ट भैरव से हर कुत्ते का ब्योरा तैयार हो रहा है। ह्यूमन वेलफेयर संस्था को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। यही संस्था कुत्तों को पकड़कर लाती है और छोड़ती है। सेक्टर स्वर्णनगरी में नसबंदी केंद्र बनाया गया है। पहचान के लिए कुत्ते के गले में नीले व गुलाबी रंग का पट्टा भी पहनाया जा रहा है। साथ ही, कान पर कट भी लगा दिया गया है।
34 सोसाइटियों व सेक्टरों के 135 लावारिस कुत्तों के लिए जमा कराए पैसे
प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक सलिल यादव ने बताया कि अब तक 34 सोसाइटियों व सेक्टरों के 135 कुत्तों की नसबंदी के लिए पैसे जमा हो गए हैं। इनमें एल्डिको मिडोस, गौड़ सिटी एवेन्यू फर्स्ट, एडब्ल्यूएचओ, फाई थ्री, पाई वन स्थित दीवानी न्यायालय सोसाइटी, विक्ट्री वन, स्टेलर माई लिगेसी, सुपरटेक इकोविलेज टू, एटीएस ग्रीन पैराडिसो, ओमीक्रॉन-वन आदि शामिल हैं। इन सोसाइटियों की तरफ से प्रति कुत्ते के हिसाब से 250 रुपये जमा कराए गए हैं। इनकी भी नसबंदी व टीकाकरण कराकर वापस छोड़ा जाएगा।
नसबंदी के लिए इस नंबर पर करें कॉल
ग्रेनो प्राधिकरण ने कुत्ताें की नसबंदी कराने के लिए मोबाइल नंबर-7838565456 जारी किया है। साथ ही, ग्रेनो एबीसी हेल्पलाइन नंबर 8005867769 पर कॉल करके नसबंदी कराने की सूचना दी जा सकती है।
इस खाते में जमा कराएं पैसे
सेक्टरवासी या सोसाइटी के निवासी ह्यूमेन वेलफेयर सोसाइटी के बैंक खाते (संख्या -677601700827, आईएफएसी कोड-आईसीआईसी 0006776, आईसीआईसीआईबैंक) में प्रति कुत्ते के हिसाब से 250 रुपये जमा करा सकते हैं। इसके बाद संस्था की टीम मौके पर जाकर कुत्तों को पकड़ेगी। नसबंदी के बाद वापस छोड़ आएगी।