Depot holder accused of not giving ration
नूंह। गांव कंकरखेड़ी के ग्रामीणों ने डिपो होल्डर पर जून माह से राशन नहीं बांटने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में रोष है।
ग्रामीण खुर्शीद, शकूर खान, जमील, मोहम्मद हमजा, सफी, अकबरी, हबीब, जमालु, जाहिद और अजीम आदि ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में जून माह से डिपो होल्डर राशन नहीं बांट रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि बीपीएल श्रेणी के लोगों को चीनी भी नहीं मिल रही है। डिपो होल्डर वर्षों से गांव के गरीब लोगों का हक मार रहा है। इस बारे में कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि इस मामले में डिपो होल्डर पर कार्रवाई की जाए। वहीं, इस बारे में विभाग के इंस्पेक्टर अजीज ने बताया कि गांव में राशन नहीं बांटने के बारे में जानकारी ली जाएगी। पात्र लोगों को उनका हक दिलाया जाएगा। इसके लिए विभाग पूरी तरह से प्रयासरत है। वैसे गांव में कुछ लोगों द्वारा बाजरे को नहीं लेने का मामला सामने आया है। इस समस्या के बारे में उचित कार्रवाई की जाएगी।