ग्रेटर नोएडा। स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर नौकरी देने की मांग करते हुए किसानों को वीवो कंपनी के गेट पर प्रदर्शन किया। पुलिस की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन ने किसानों से हुई बातचीत में आगामी भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। वहीं किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो 22 नवंबर से कंपनी के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में स्थित वीवो कंपनी के गेट पर किसान एकता संघ के नेतृत्व में किसानों ने पंचायत कर प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से युवा और किसान कंपनी गेट पर पहुंचने शुरू हो गए। देखते-देखते उनकी संख्या बढ़ती गई। कंपनी के गेट पर ही किसानों ने पंचायत शुरू कर दी। जिसकी अध्यक्षता श्योराज सिंह ने की। एकता संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि कंपनी में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं दिया गया तो इसे चलने नहीं दिया जाएगा।
कंपनी की ओर से एचआर मैनेजर देवेंद्र सिंह ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों से वार्ता की। कंपनी मैनेजमेंट ने किसानों को आश्वस्त किया कि कंपनी में जल्द निकलने वाली भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। मौके पर किसानों ने कंपनी प्रबंधन से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देने की मांग की। जिसको पर कंपनी मैनेजमेंट के सामने रखकर सहमति लेने का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर राजेंद्र नागर, गीता भाटी, गजब प्रधान, अभिषेक भाटी, अमित कसाना, जीतू नागर, मनीष बीडीसी, प्रदीप भाटी, भोला भड़ाना, नवीन नागर, श्यामवीर, विक्रम नागर, ओमवीर प्रधान ने अपने विचार रखे।
हायर कंपनी पर 28 अक्तूबर को करेंगे प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा। किसान परिवारों के युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर किसान बेरोजगार सभा 28 अक्तूबर को हायर कंपनी पर प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी सभा के अध्यक्ष सूबेराम और महासचिव विदेश भाटी ने दी। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने हरियाणा की तर्ज पर ग्रेटर नोएडा में भी प्रत्येक कंपनी में योग्यता के मुताबिक 75 फीसदी स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इसकी मांग की गई है। अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो 28 अक्तूबर को हायर कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर राजेंद्र प्रधान, अजय प्रधान, हरिराम, चरण सिंह, श्यामवीर सिंह, ओमवीर सिंह समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।