ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर
- फोटो : अमर उजाला- फाइल फोटो
डेडिकेटेड फ्रेड कॉरिडोर कारपोरेशन के मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मोहित चंद्र ने शनिवार को न्यू बोड़ाकी स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने दादरी रेलवे स्टेशन के बीच चल रहे लाइन डालने के काम का जायजा लिया। इस मौके पर बैठक के बाद तय हुआ है कि 15 जुलाई तक ईस्टर्न कॉरिडोर की लाइन को दिल्ली हावड़ा लाइन से जोड़ने का काम पूरा करना होगा। जून के आखिरी सप्ताह में यह काम शुरू होगा।
डीएफसीसी के ईस्टर्न कॉरिडोर का ग्रेटर नोएडा में न्यू बोड़ाकी नाम से स्टेशन बन गया है। कॉरिडोर को रेलवे के दिल्ली-हावड़ा मार्ग से जोड़ने के लिए लाइन बिछाने का काम चल रहा है। डीएफसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर (यातायात एवं व्यापार विकास) रणविजय सिंह ने बताया कि लाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है।
शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मोहित चंद्र न्यू बोड़ाकी और दादरी रेलवे स्टेशन के बीच का जायजा लेने पहुंचे। उसके बाद संबंधित अधिकारियों से बैठक की। अफसरों ने बताया कि अब न्यू बोड़ाकी और दादरी रेलवे स्टेशन की रेल लाइन को आपस में जोड़ने का काम होगा जो जून के आखिरी सप्ताह में शुरू हो जाएगा। 15 जुलाई तक यह काम पूरा करना होगा। इस दौरान दिल्ली हावड़ा मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित होगा। कुछ ट्रेनों को बंद किया जाएगा। साथ ही, कुछ ट्रेनों की गति सीमा को कम किया जाएगा।