सिकंदराबाद में गिरफ्तार दरोगा अख्तर खान की हत्या के आरोपी गुलफाम उर्फ तोता ने ग्रेटर नोएडा पुलिस को बताया कि शोमीन गैंग के लोगों के धोखे में दरोगा पर गोलियां चलाईं गईं थी। इसके बाद वे लोग खुद को बचाने के लिए छत पर चढ़कर फायरिंग करते हुए भाग निकले थे। इस दौरान तोता अलीगढ़, बुलंदशहर में छुपा रहा।
वह सिकंदराबाद भी गया था। हालांकि दोबारा जाने पर सिकंदराबाद पुलिस ने बुधवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, 25 अप्रैल को दादरी के नई आबादी कस्बे में मुठभेड़ के दौरान दरोगा अख्तर खान की मौत हो गई थी। मुठभेड़ से कुछ दिन पहले जावेद और शोमिन गैंग के बीच आपसी तनातनी चल रही थी।
शोमिन अपने साथियों के साथ कस्बे में आकर जावेद को खुलेआम ललकार गया था। इस बात की जानकारी जावेद को हुई तो उसने फुरकान के घर अन्य बदमाशों के साथ अड्डा जमा लिया था। वहां शोमिन को मारने की नियत से इकट्ठा हुए थे। दोनों के बीच गैंगवार होने की सूचना दादरी पुलिस को मिली थी। इसके बाद मुठभेड़ से एक दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक तत्व कस्बे में खुले आम तमंचा लेकर घूम रहे हैं।