दुजाना गांव में बिजली के पोल लगाने के विवाद में हुई भाई की हत्या का बदला लेने की नीयत से दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाला आरोपी को बृहस्पतिवार को तिहाड़ जेल से रिमांड पर लिया गया। बादलपुर पुलिस ने बदमाश सिंटू के रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि बादलपुर थाना क्षेत्र के गांव दुजाना में 5 मई 2015 को गांव में बिजली के पोल लगाने के विवाद में खूनी संघर्ष हुआ था। इसमें गांव के प्रवीण की मौत हो गई थी जो दिल्ली पुलिस का जवान था।
उस दौरान प्रवीण का भाई सिंटू उर्फ राकेश हत्या के मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद था। 15 जुलाई 2015 को वह पैरोल पर जेल से आया था।
उसने अपने भाई प्रवीण की हत्या का बदला लेने के इरादे से 29 जुलाई 2015 की रात गांव के ही वेदपाल और उसकी पत्नी विमला के घर का दरवाजा तोड़ गोलियों से भूनकर उनकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह फरार हो गया था लेकिन पैरोल खत्म होने के बाद तिहाड़ जेल चला गया।
बादलपुर पुलिस पूछताछ करने के लिए बृहस्पतिवार को सिंटू को रिमांड पर लेकर आई। उसकी निशानदेही पर दुजाना गांव से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। रिमांड की अवधि शाम 5 बजे खत्म होने के बाद उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।
सिंटू पर दादरी में तीन हत्या, दिल्ली के अशोक विहार में तीन हत्या समेत आठ हत्याओं के मामले दर्ज है। दिल्ली में हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।