बैंक से 1.80 लाख रुपये निकालकर ला रहे शख्स से लूट
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में बेटी की शादी के लिए बैंक से रुपये निकालकर ला रहे शख्स से बाइक सवार बदमाशों ने 1. 80 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित भोलादत्त (59) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वारदात घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस उसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक भोलादत्त परिवार के साथ गली नंबर-21 कमल विहार, बुराड़ी में रहते हैं। इनके परिवार में पत्नी बसंती देवी, एक बेटा व तीन बेटी हैं। भोलादत्त बार्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) में सुपरवाइजर तैनात हैं। 13 दिसंबर को इनकी छोटी बेटी की शादी होना है। सोमवार दोपहर के समय इन्होंने शादी के खर्चे के लिए एसबीआई से 1.80 लाख रुपये निकाले और पैदल घर लौटने लगे। इस बीच तोमर कॉलोनी गली नंबर-17 के पास बाइक सवार दो लड़कों ने रुपयों का बैग लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। ब्यूरो