डीजे पर नाचने के दौरान युवक को गोली लगी
-गोली शादी समारोह में चली या किसी ने बाहर से चलाई अभी साफ नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नरेला इलाके में बुधवार देर रात शादी समारोह में डीजे पर डांस कर रहा युवक नीचे गिरा और जख्मी हो गया। युवक के पैर से अचानक खून निकलता देखकर लोग उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां पता चला कि युवक के पैर में गोली लगी है। तेज आवाज में चल रहे डीजे के कारण गोली चलने का पता नहीं चला। फिलहाल पता नहीं चल सका है कि गोली शादी समारोह में चली या किसी ने बाहर से चलाई। नरेला थाना पुलिस सीसीटीवी कैमरों व वीडियो की मदद से गोली चलाने वाले शख्स का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक घायल युवक की पहचान गोविंदा (23) के रूप में हुई है। मूलरूप से बिहार का रहने वाला गोविंदा परिवार के साथ जेजे कालोनी, बवाना में रहता है। वह एक रिश्तेदार की शादी में नरेला गया था। शादी समारोह में गोविंदा भी अपने दोस्तों के साथ नाच रहा था। इसी दौरान उसके पैर में दर्द होने लगा और गिर गया। उसके पैर से खून निकलने लगा।
डीजे पर डांस करने को लेकर झगड़ा
पहाड़गंज इलाके में डीजे पर डांस करने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक युवक को पीटकर घायल कर दिया गया। पीड़ित संजीत कुमार मंगलवार देर रात ईडीएम मॉल के पास शादी में गया था। डीजे पर डांस करने को लेकरउसका झगड़ा रंजीत, दिवाकर, सोनू कुमार व शिवाजी से हो गया। तड़के चार बजे लौटते समय आरोपियों ने घर के पास संजीत को रोक लिया और जमकर पिटाई लगा दी। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।