पहली खबर एनसीआर के लिए भी ::::
कार लूटने आए नीरज बवानिया गैंग के चार बदमाश गिरफ्तार
- नांगलोई थाना पुलिस ने दबोचा, आरोपियों से हथियार व कार बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नांगलोई थाना पुलिस ने कार लूटने के मकसद से आए नीरज बवानिया गैंग के चार बदमाशों को दबोचा है। आरोपियों से कार सहित पिस्टल, कारतूस बरामद किए गए हैं। दबोचे गए बदमाशों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बदमाशों की पहचान बहादुरगढ़ निवासी सतीश, झज्जर निवासी हेमंत, अमित और बक्कड़वाला निवासी अमित उर्फ टोटो के रूप में हुई है।
जिला पुलिस उपायुक्त सेजू पी कुरुविला ने बताया कि नांगलोई थाने में तैनात एएसआई मदन सिंह को बदमाशों के इलाके में आने की जानकारी मिली थी। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने वाहनों की तलाशी अभियान चलाया और सफेद रंग की अमेज कार से पहुंचे बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए वह लग्जरी कार लूटने के मकसद से इलाके में घूम रहे थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। सतीश पर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि अमित उर्फ टोटो पर अगवा, हत्या का प्रयास, लूटपाट और छेड़छाड़ के पांच मामले दर्ज हैं। वहीं, हेमंत और अमित पर झज्जर में हत्या का प्रयास का मामला दर्ज है।
-----
हेरोइन तस्करी में नाइजीरियन युवक गिरफ्तार
नई दिल्ली। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी में नाइजीरियन युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 37 ग्राम हेरोइन मिली है। आरोपी की पहचान उत्तम नगर निवासी नवासू थियूफीलस के रूप में हुई है। एसआई रोबिन सिंह को सूचना मिली कि नाइजीरियन ड्रग की खेप लेकर मजनूं का टीला इलाके में आने वाला है। पुलिस ने वहां घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी मई 2014 में छह माह की मेडिकल वीजा पर दिल्ली आया था। वीजा खत्म होने के बाद भी वह रह रहा था। उसने बताया कि नाइजीरिया में रहने वाला उसका बड़ा भाई कपड़ों की आड़ में ड्रग का सप्लाई करता है।