पालतू कुत्ते पर बाइक चढ़ाने से रोकने पर बवाल
- बेस बॉल के बैट, डंडों से आठ-दस लड़कों ने बुजुर्ग सहित बेटों को किया गंभीर रूप से घायल
- सिर पर डंडों से वारकर किया लहूलुहान, पिता-पुत्र को सेंट स्टीफन अस्पताल में कराया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तम नगर में कुत्ते के विवाद में एक शख्स की हत्या की बात लोग भूले भी नही थे कि न्यू उस्मानपुर के गामड़ी में पालतू कुत्ते पर बाइक चढ़ाने का विरोध करने पर आठ-दस युवकों ने पिता-पुत्र पर बेसबॉल के बैट, डंडों और लाठियों से हमला कर बुजुर्ग का पैर तोड़ दिया। फिर डंडा मारकर सिर फोड़ दिया। बुुजुर्ग वीके शुक्ला (57) व इनका बेटे नमन को गंभीर हालत में संत परमानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों को सेंट स्टीफन रेफर कर दिया। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की कोशिश, गंभीर चोट पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक वीके शुक्ला परिवार के साथ गामड़ी विस्तार, न्यू उस्मानपुर में रहते हैं। वह रेलवे में अधिकारी हैं। परिवार में पत्नी के अलावा बेटे नमन व गौरव हैं। शुक्रवार रात करीब 10.00 बजे वीके शुक्ला ने अपने छोटे बेटे नमन से अपने पालतू कुत्ते को बाहर टहलाने के लिए भेजा। तभी बीकानेर स्वीट्स के पास बाइक सवार एक लड़का जानबूझकर कुत्ते पर बाइक चढ़ाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने बाइक खड़ी की और नमन के साथ मारपीट शुरू कर दी। नमन ने पिता व भाई को कॉल कर बुला लिया। वीके शुक्ला और बड़ा बेटा गौरव जब पहुंचे तो देखा कि आठ-दस लड़के उनके बेटे को पीट रहे थे। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने कई डंडे वीके शुक्ला के सिर पर मारकर लहूलुहान कर दिया। फिर बेसबॉल के बैट से मार मारकर उनके पैर तोड़ दिए। हमले में गौरव भी घायल हो गया। गौरव ने पुलिस को सूचना देकर पिता व भाई को लेकर अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।