हरियाणा के लिए उपयोगी....
राजस्थान में एटीएम लूटने वाले
गिरोह का सरगना दिल्ली में काबू
- छह महीने से फरार था, फरारी के दौरान करता था वाहन चोरी
- नौ बाइक बरामद, आरोपी पुलिस टीम पर हमला कर हो गया था फरार
- आरोपी पर हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान में दर्ज हैं मामले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजस्थान में एटीएम लूटने की दो वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का सरगना दिल्ली में दबोचा गया है। गिरोह ने 20 अप्रैल को उदयपुर, राजस्थान में दो एटीएम लूटे थे। गिरोह के करीब छह बदमाश 24 लाख रुपये लूट ले गए थे। गिरोह का सरगना पिछले छह महीने से फरार था। आरोपी फरारी के दौरान वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। इसके कब्जे से चोरी की नौ बाइक बरामद की गई हैं। आरोपी पुलिस टीम पर हमला कर फरार हो गया था।
अपराध शाखा डीसीपी डा. जी रामगोपाल नायक के अनुसार राजस्थान के उदयपुर जिले में एटीएम लूट की दो वारदात गत 20 अप्रैल को हुई थीं। बदमाश गैस गटर से एटीएम काटकर 24 लाख रुपये लूटकर ले गए थे। उदयपुर की पुलिस टीम 27 अप्रैल को गिरोह सरगना पप्पी सरदार को पकड़ने भरतपुर, राजस्थान में उसके घर गई तो आरोपी और उसके परिवार के सदस्य पुलिस पर हमला कर फरार हो गए थे। आरोपियों ने पुलिस टीम पर पत्थर फेंके और फायरिंग की थी।
अपराध शाखा के एसआई कृष्ण कुमार की टीम भी आरोपी की तलाश कर रही थी। इस टीम ने आरोपी पप्पी सरदार उर्फ पप्पू(32) को 25 अक्तूबर को आरकेपुरम इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से वाहन चोरी, हत्या का प्रयास व लूटपाट के 19 से अधिक आपराधिक मामले दिल्ली, राजस्थान व हरियाणा में दर्ज हैं। इसके परिवार के ज्यादातर सदस्य आपराधिक वारदातों में लिप्त हैं। पुलिस से बचने के लिए ये अपने गिरोह के सदस्य छह से सात महीने में बदल देता था।