मेट्रो में एक शख्स के बैग
से पांच लाख रुपये चोरी
- पीड़ित मिठाई के डिब्बे में नकदी रखकर बैग में ले जा रहा था, यात्रा के दौरान आ गई थी झपकी
- पुलिस आरोपी की पहचान को सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। चलती मेट्रो ट्रेन में एक शख्स के बैग से पांच लाख चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि यात्रा के दौरान कुछ समय के लिए उसे झपकी आ गई थी। पीड़ित की शिकायत पर आईजीआई मेट्रो स्टेशन पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, अशोक वाधवा सपरिवार दयानंद कॉलोनी लाजपत नगर में रहते हैं। अशोक को जीजा राजीव तनेजा को पांच लाख रुपये देने थे। गत 22 अक्तूबर को अशोक ने एक मिठाई के डिब्बे में पांच लाख रुपये रख इसे बैग में रखा और मायापुरी में रहने वाले अपने जीजा के पास जाने के लिए निकले। लाजपत नगर से मेट्रो पर सवार होकर वह मायापुरी मेट्रो स्टेशन पहुंचे।
लिफ्ट से उतरने के दौरान उन्होंने बैग खोला तो उसमें से मिठाई का डिब्बा गायब मिला, जिसमें पांच लाख रुपये रखे थे। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत में उसने बताया कि लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन से मायापुरी मेट्रो स्टेशन के बीच किसी ने उसके बैग से रुपयों की चोरी की है। उस समय बोगी में 15 से 20 लोग यात्रा कर रहे थे। हालांकि उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान कुछ देर के लिए उन्हें झपकी आ गई थी।
शुरूआती जांच में पुलिस ने लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन और मायापुरी स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है, जिसमें कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं दिखा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस मेट्रो बोगी में लगे सीसीटीवी फुटेेज की जांच में जुटी है। उसके बाद आरोपी की पहचान हो पाएगी।