असम की युवती की दूसरी
मंजिल से गिरकर मौत
बुराड़ी के संतनगर की घटना, दो दोस्तों की बर्थ-डे पार्टी में आई थी
- मंगलवार सुबह दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी राज्य असम की रहने वाली प्रियाला (23) की बुराड़ी के संतनगर में दूसरी मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर मौत हो गई। मंगलवार सुबह युवती का शव गली में खून से लथपथ पड़ा देख एक राहगीर ने पुलिस को खबर दी। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि युवती अपने दोस्तों के यहां बर्थ-डे पार्टी में आई थी। रातभर चली पार्टी के बाद उसकी लाश मिली। उत्तरी जिला पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली सरकार से मेडिकल बोर्ड के गठन की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से असम की रहने वाली प्रियाला 12वीं पास थी। वह दो माह पूर्व ही दिल्ली नौकरी की तलाश में आई थी और अपनी दोस्त के साथ सफदरजंग एन्क्लेव में रहती थी। उत्तर-पूर्वी राज्यों के रहने वाले प्रियाली के कुछ दोस्त संतनगर बुराड़ी में दूसरी मंजिल पर किराए पर रहते हैं। सोमवार को उसके दो दोस्तों का जन्मदिन था। इसमें प्रियाला भी आई। बताया जाता है कि रातभर पार्टी में शराब-सिगरेट चली। सुबह तक सभी ने खूब डांस किया। इधर, सुबह करीब छह बजे प्रियाला दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। एक बाइक सवार ने उसे खून से लथपथ पड़े देख सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज असम में उसके परिवार को सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि प्रियाला ने हाई हील सैंडल पहने हुए थे। पार्टी में शराब और सिगरेट जमकर चली थी। प्रियाला के दोस्तों के कमरे से शराब की बोतल व अन्य सामान बरामद हुआ है। प्रियाला नशे में गिरी या उसे किसी ने जान-बूझकर धक्का दिया, इस पर जांच चल रही है। दोस्तों का कहना है कि सिगरेट पीने के दौरान वह हादसे की शिकार हुई।