बदायूं के ध्यानार्थ
चरित्र पर शक की वजह से पत्नी की गला दबाकर हत्या
- वारदात के बाद भागने के दौरान गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । बेगमपुर के राजीव नगर इलाके में एक युवक ने पत्नी की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने में नाकाम रहने पर वह कमरे को बंद कर भागने लगा। हालांकि शक होने पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को उसे दबोच लिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान कंचन के रूप में हुई है।
बदायूं उत्तर प्रदेश निवासी अतुल सोमवार रात करीब 11 बजे अतुल पत्नी के साथ घर में मौजूद था। चरित्र के शक की बात करने पर दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। झगड़ा सुनकर बगल के कमरों में रहने वाले लोग उनके पास पहुंचे और शांत रहने के लिए कहा। लोगों के जाने के बाद अतुल ने पत्नी की हत्या की साजिश रची। उसने मीठी बात कहकर कंचन को शांत कराया और फिर गले मिलने के बहाने उसकी चुन्नी से उसका गला घोंट दिया। कंचन के गिरने के बाद वह जोर से उसका गला दबाया। जब उसे लगा कि उसकी मौत हो गई है तो उसके पास काफी देर बैठा रहा और फिर वह शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाता रहा। नाकाम होने पर वह दरवाजा बंदकर रात में दो बजे भागने लगा। रात में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने उसे भागते देख कर रूकने के लिए कहा लेकिन वह पुलिस को देखकर और तेजी से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर उससे पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।