ठेकेदार ने सहयोगियों संग पीओपी
करने वाले युवक को मार डाला
- 5 हजार रुपये के लेनदेन में हुआ था विवाद, पुलिस ने ठेकेदार के एक सहयोगी को पकड़ा
- फरार ठेकेदार व सहयोगी की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंडावली इलाके में ठेकेदार ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर पीओपी करने वाले एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। उनके बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। जिसमें से एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि ठेकेदार व उसके एक सहयोगी की तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मरने वाले की शिनाख्त राम प्रवेश चौहान (27) निवासी बिहार के रूप में हुई है। वह रिश्तेदारों के साथ मंडावली इलाके में रहता था और पीओपी का काम करता था। उसके गांव का ही लक्ष्मण भी मंडावली इलाके में रहता है और ठेकेदारी करता है। दोनों एक दूसरे को जानते थे।
कुछ समय पहले लक्ष्मण ने राम प्रवेश को पीओपी का ठेका दिया था। बृहस्पतिवार को राम प्रवेश अपने बकाया 5 हजार रुपये लक्ष्मण से लेने गया था। लेनदेन को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। लक्ष्मण ने सहयोगियों के साथ मिलकर राम प्रवेश पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर राम प्रवेश का बयान दर्ज किया। रात करीब तीन बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर वारदात में शामिल अनुरोध (28) को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।