पिता ने डांटा तो शराबी ने खुद
को ब्लेड से किया घायल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी इलाके में शुक्रवार रात शराब पीकर घर आए नितेश (18) को पिता ने डांटा तो उसने घर से बाहर जाकर खुद को ब्लेड मारकर जख्मी कर लिया। अस्पताल में उसकी हालत नाजुक है। वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस के अनुसार, नितेश पिता लक्की राम और अन्य परिजनों के साथ जी ब्लॉक जहांगीरपुरी में रहता है। लक्की राम ने पुलिस को बताया कि नितेश बारिश में नहाने की बात कहकर घर से निकला था। लौटा तो नशे में था। इस पर पिता ने डांटा तो वह नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गया। गली में ही दुकान से उसने कुछ ब्लेड लिए और अपनी गर्दन, छाती और हाथ पर मारने लगा। ज्यादा खून निकलने की वजह से वह बेहोश होकर गिर गया। लोगों की सूचना पर परिजनों ने उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी पर पुलिस अस्पताल पहुंच गई।