मदरसे में मौलाना ने बच्ची को बेरहमी से पीटा, बेहोश
नोएडा। सोरखा स्थित मदरसे में अरबी का एक शब्द न बोल पाने पर मौलाना नवाब हुसैन ने छह साल की बच्ची की बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से बच्ची बेहोश हो गई। दो घंटे तक अचेत रहने के बाद उसे होश आया। बच्ची को नहलाने के दौरान मां ने उसकी पीठ पर बेल्ट के निशान देखे तो घटना की जानकारी हुई। वहीं, जब महिला शिकायत करने मदरसे पहुंची तो उन्हें भगा दिया गया। इसके बाद उन्होंने कोतवाली सेक्टर-49 थाने में मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक कासगंज के रहने वाले चाहत अली पत्नी के साथ सर्फाबाद में रहते हैं। वह कैब चालक हैं। दो माह पहले चाहत ने अपनी आठ वर्षीय और 6 वर्षीय दो बेटियों का दाखिला सोरखा के मदरसे में कराया था। दोनों मदरसे में ही रहकर पढ़ाई कर रही हैं। चाहत मदरसे को पढ़ाई, रहने और खाने की फीस चुकाते हैं। चाहत ने बताया कि वह बेटियों को 15 दिन में दो दिन के लिए घर लाते हैं। 4 मई को दोनों बेटियां घर आई थीं। दोपहर के वक्त मां ने बेटियों को नहलाना शुरू किया। इस दौरान मां ने छोटी बेटी के पीठ पर बेल्ट के निशान देखे और इसकी जानकारी उन्हें दी। दंपती ने बेटियों से पूछताछ की तो पता चला कि छोटी बेटी को अरबी का शब्द पढ़ाया जा रहा था, लेकिन वह ठीक से उच्चारण नहीं कर पा रही थी। इससे मौलाना नाराज हो गया और उसकी बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी। इससे बच्ची बेहोश हो गई। दो घंटे बाद बच्ची को होश आया। मामले की जानकारी होने पर चाहत और उनकी पत्नी मदरसे पहुंचे, लेकिन उन्हें मदरसे के गेट पर ही रोक दिया गया। आरोप है कि शिकायत की बात कहने पर उनके साथ धक्कामुक्की भी हुई। इस पर चाहत ने वहीं से 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौलाना के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
------------
मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी मौलाना नवाब हुसैन को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। अभी वह फरार है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
- अजय कुमार अग्रवाल, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, सेक्टर-49