ग्रेनो वेस्ट में अंतिम निवास बनाने को लेकर वार्ता करते सीईओ व अन्य अधिकारी। अमर उजाला
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हिंडन के किनारे श्मशान घाट (अंतिम निवास) बनाएगा। इसका निर्माण लास्ट जर्नी संस्था के साथ मिलकर होगा। शुक्रवार को प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के समक्ष संस्था ने प्रस्तुतिकरण भी दिया। सीईओ ने इस पर सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
ग्रेनो वेस्ट के लोगों को अंतिम संस्कार के लिए सफीपुर मोक्षधाम जाना पड़ता है। इस कारण यहां के निवासी इसे बनाने की मांग कर रहे थे। सीईओ नरेंद्र भूषण ने नियोजन विभाग को जगह तय करने के निर्देश दिए थे। नियोजन व परियोजना विभाग ने हिंडन के किनारे इसे बनाने का प्रस्ताव दिया है। लास्ट जर्नी संस्था इसे बिल्ड ऑपरेट ट्रांसफर के आधार पर बनाना चाहती है। प्रस्तुतिकरण के दौरान एसीईओ दीप चंद्र व अमनदीप डुली, जीएम प्रोजेक्ट एके अरोड़ा, वरिष्ठ प्रबंधक कपिलदेव सिंह, वरिष्ठ नियोजक सुधीर कुमार व लास्ट जर्नी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
वातानुकूलित कॉमन हॉल और मेमोरियल पार्क भी बनेगा
अंतिम निवास में प्रार्थना सभा के लिए वातानुकूलित कॉमन हॉल, प्रतीक्षालय व मेमोरियल पार्क भी बनेगा। पार्क में लोग अपनों की याद में पौधे भी लगा सकेंगे। अंतिम निवास तक जाने के लिए एप्रोच रोड का निर्माण प्राधिकरण करेगा। सीईओ नरेंद्र भूषण ने जीएम प्रोजेक्ट को इसका नोडल अफसर नियुक्त करते हुए शीघ्र ही औपचारिक प्रस्ताव के साथ मंजूरी लेने को कहा है। प्राधिकरण व संस्था की संयुक्त टीम जल्द ही मौके का निरीक्षण कर इसका खाका खींचेगी।
10-11 साल के लिए लीज पर दी जाएगी जमीन
अंतिम निवास की जमीन को 10-11 साल के लिए संस्था को लीज पर दिया जाएगा। संस्था इसका निर्माण, संचालन व रखरखाव करेगी। यहां लकड़ी, सीएनजी व इलेक्ट्रिक, तीनों तरीके से अंतिम संस्कार की व्यवस्था होगी। शव वाहन व फ्रीजर की भी सुविधा मिलेगी।