जल मंत्री ने कहा- दिल्लीवालों के प्रति प्यार, जिम्मेदारी और समर्पण को कैद नहीं कर सकती भाजपा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जल मंत्री आतिशी ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल विकट परिस्थिति में भी अपने बारे में न सोचकर दिल्ली वालों के बारे में सोच रहे हैं। उन जैसा अन्य व्यक्ति कोई नहीं हो सकता। भाजपा केजरीवाल को गिरफ्तार करा सकती है, लेकिन उनके दिल्लीवालों के प्रति प्यार, जिम्मेदारी के भाव व समर्पण को कैद नहीं करा सकती। मुख्यमंत्री के निर्देश पढ़कर आंखों में आंसू आ गए, क्योंकि उनके जेेल से बाहर आने के बारे में कुछ मालूम नहीं है। इसके बावजूद वे अपने बारे में न सोचकर दिल्लीवालों के बारे में सोच रहे हैं।
केजरीवाल खुद को सिर्फ दिल्ली का मुख्यमंत्री नहीं मानते, बल्कि दो करोड़ लोगों को परिवार मानते हैं। उन्होंने नौ सालों से दिल्ली की सरकार को ऐसे चलाया है जैसे कोई परिवार की देखरेख करता है। उन्होंने सरकार को एक बेटे की तरह, एक भाई की तरह व एक परिवार की तरह चलाया है। इस कारण इतनी मुश्किल परिस्थिति में होते हुए भी हर दिल्लीवासी के लिए सोच रहे हैं। आतिशी ने कहा कि मैं दिल्लीवालों को आश्वस्त करती हूं कि केजरीवाल आज भी दिल्ली की पूरी व्यवस्था को निगरानी में रख रहे हैं और उनका कोई भी काम नहीं रुकेगा।