नोएडा। सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सीधे 22 सितंबर को ही दादरी पहुंचने की संभावना है। पहले माना जा रहा था कि 21 सितंबर को रात में वह ग्रेटर नोएडा में ही विश्राम कर सकते हैं, लेकिन सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री अब रात्रि विश्राम गाजियाबाद के सीआईएसएफ कैंप में कर सकते हैं।
सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मुख्यमंत्री कठहेरा रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज, सद्भावना मंडप और मिहिर भोज डिग्री कॉलेज में प्रयोगशाला का भी शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के संबंध में पुलिस-प्रशासन से लेकर खुफिया विभाग तक अलर्ट है। पहले पता चला था कि वह 21 सितंबर को ही ग्रेटर नोएडा आ आएंगे। यहां रात्रि विश्राम करेंगे और कुछ स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे। हालांकि, कार्यक्रम की रूपरेखा 12 से 18 घंटे पहले ही आएगी, लेकिन अब माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इंदिरापुरम स्थित सीआईएसएफ कैंपस में रात्रि विश्राम के लिए रुक सकते हैं।