तावडू। शहर के बाईपास रोड पर स्थित पंचायत एवं विकास कार्यालय में आयोजित दो दिवसीय मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। वित विभाग के विशेष सचिव पंकज ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदम में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना अहम है। योजना के तहत उन परिवारों को शामिल किया गया है जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम हैं और उनकी आय को एक लाख 80 हजार रुपये तक पहुंचाना लक्ष्य है। सरकार की ओर से तीन फेज में पात्रता निर्धारित की गई है।
वहीं अंत्योदय मेले में एडीसी डॉ. सुभिता ढाका ने बताया कि योजना का लक्ष्य पंक्ति में खड़े अंतिम परिवार को आगे लाना है इसके लिए विभिन्न योजनाएं चिह्नित की गई हैं। परिवारों की आमदनी बढ़ाने में मददगार होंगी। इनमें पात्रता के लिए एससी, बीसी, महिला, दिव्यांग को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के लिए कृषि, मत्स्य, पशुपालन व डेयरी जैसे व्यापारिक के साथ-साथ स्किलिंग में निपुण करने के लिए कंप्यूटर, चालक, सिलाई कढ़ाई आदि के प्रशिक्षण भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के पहले चरण में 50 हजार से एक लाख रुपये वार्षिक आय तक के परिवारों को आय दोगुनी तक लेकर जाना है। इसके लिए बैंक का पूरा सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान ही बैंक अधिकारी लोन संबंधी औपचारिकताएं पूरी करेंगे। दूसरे चरण में जनवरी माह के दौरान इन अंत्योदय ग्राम उत्थान मेलों में मंजूर किए गए ऋण वितरित कर कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा।