नोएडा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर सेक्टर-24 निवासी युवती को 50 हजार पाउंड देने की बात कहकर 2.64 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़िता ने मामले की शिकायत सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अलका तिवारी ने बताया है कि नर विहार कालोनी में पिछले कई दिनों से अपनी सहेली के घर पर ठहरी हुई हैं। करीब एक महीन पहले सोशल मीडिया पर अलका की दोस्ती जर्मनी निवासी डॉ. ओलिवर मार्क से हुई थी। बाद में दोनों व्हाट्सएप पर बात करने लगे। 18 मई को ओलिवर ने अलका से कहा कि वह उससे मिलना चाहता है। इस पर अलका ने मना कर दिया। इसके बाद ओलिवर ने गोवा में आने का अपना टिकट भेज दिया और अलका को भी गोवा बुलाया। कुछ दिन बाद ओलिवर ने युवती को फोन कर कहा कि वह उसे 50 हजार पाउंड सरप्राइज गिफ्ट देने के लिए ला रहा था, जिसे गोवा में कस्टम अधिकारी ने पकड़ लिया है। जब युवती ने ओलिवर को अपने परिजन को फोन करने के लिए कहा तो जालसाज ने कहा कि उसके परिजन को नहीं पता है कि वह भारत आया हुआ है। इसके बाद 50 हजार पाउंड छुड़ाने के एवज में अलका और उसकी दोस्त पूजा ने तीन से चार बार में 2.64 लाख रुपये उसे भेज दिए। इसके बाद अंजलि नाम की महिला ने कस्टम अधिकारी बन 75 हजार रुपये और देने की मांग कर दी। इस पर अलका को शक हुआ और उन्होंने मामले की शिकायत सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस से की। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस ने नाइजीरियाई गिरोह पर जताया शक
कोतवाली प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आशंका है कि नाइजीरियाई गिरोह के बदमाशों ने युवती से ठगी की है। है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उपहार और डॉलर भेजने के नाम पर महिलाओं के साथ करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले नाइजीरियाई गिरोह का खुलासा हुआ था। वहीं एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा कि किसी भी विदेशी व्यक्ति के बारे में पूरी जानकारी करने के बाद ही उससे दोस्ती करने की सलाह दी है। साथ ही उपहार सहित अन्य प्रलोभन में बिल्कुल नहीं आने का सुझाव दिया है।
कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.25 लाख की ठगी
नोएडा। साइबर जालसाजों ने कनाडा में नौकरी लगाने के नाम पर 1.25 लाख रुपये ठग लिए। सेक्टर-113 थाने में दी शिकायत में पीड़ित पदमकांत सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ सेक्टर-73 में रहते हैं। उन्होंने कई वेबसाइट पर विदेश में नौकरी के लिए अपना बायोडाटा अपलोड किया था। हाल ही में उनके मोबाइल पर इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया कनाडा से फोन करने का दावा किया था। आरोपी ने कहा कि उनकी कनाडा की एक बड़ी कंपनी में नौकरी लग गई है। पदम के कुछ अन्य साथियों ने भी नौकरी की इच्छा जाहिर की। ठगों ने उनसे बॉयोडाटा लेकर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। धीरे-धीरे कर आरोपी ने विभिन्न बहनों से पदम सहित उनके साथियों से करीब सवा लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने आरोपी के पास ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने अपना नंबर बंद कर लिया। जब पीड़ितों ने कई बार उनके नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया तो वह बंद मिला। ठगी का एहसास होने पर पदम ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पतंजलि योग ग्राम में उपचार दिलाने के नाम पर ठगी
नोएडा। साइबर बदमाशों ने पतंजलि योग ग्राम में उपचार दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 32 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत सेक्टर-39 थाने में दी है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित प्रमोद गुप्ता सेक्टर-45 में रहते हैं। कुछ समय से उनकी पत्नी की तबीयत खराब चल रही थी। पत्नी का उपचार कराने के लिए उन्होंने पतंजलि योग ग्राम में बुकिंग के लिए ऑनलाइन नंबर सर्च किया। इंटरनेट पर उन्हें एक नंबर मिला। उन्होंने संबंधित नंबर पर संपर्क कर ऑनलाइन बुकिंग कराई। बुकिंग करने वाले लोगों ने खुद को पतंजलि का कर्मचारी बताकर पीड़ित के मोबाइल पर एक बार कोड भेजा। आरोपियों ने कहा कि बार कोड स्कैन करने पर बुकिंग की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जैसे ही पीड़ित ने बार कोड स्कैन किया तो उनके खाते से तीन बार में 32 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।