आरोपी रवि रंजन कुमार और कैलाश कुमार झा।
नोएडा। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) समेत अन्य सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर 100 से ज्यादा लोगों से एक करोड़ ठगने वाले दो आरोपियों को कोतवाली फेज टू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली, एनसीआर समेत अन्य शहरों में लोगों को झांसा देकर ठगते थे। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से सरकारी विभागों के 25 फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, 5 फर्जी आईडी कार्ड व 3 मोबाइल बरामद किए हैं। डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि 18 अगस्त को एक पीड़ित हेतराम सिंह ने पुलिस से शिकायत की थी कि एफसीआई में नौकरी दिलवाने के लिए उनसे कुछ लोगों ने सात लाख रुपये ठगे हैं। इसके बाद कोतवाली फेज टू में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान रविवार को लेबर चौक भंगेल से पटना निवासी रवि रंजन कुमार ओझा और गुरुग्राम निवासी कैलाश कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी गुरुग्राम के एम-2 के काउंटी सोसाइटी में रहते हैं। आरोपियों ने पैसे लेने के बाद हेतराम को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया था। इसके अलावा हेतराम के मित्र हेमंत कुमार से एम्स, दिल्ली में नौकरी लगवाने के नाम पर 3.60 लाख रुपये लिए थे। आरोपी कई सालों से फर्जीवाड़ा कर रहे थे और केंद्र व राज्य सरकारों के विभागों और उपक्रमों में भी नौकरी का झांसा देकर वसूली करते थे। गिरफ्तार आरोपी रवि के कब्जे से 25 विभिन्न विभागों के फर्जी ज्वाइनिंग लेटर व आईडी कार्ड मिले हैं। इनमें एफसीआई, दिल्ली जल बोर्ड, जिला न्यायालय गौतमबुद्ध नगर, ऑयल व नेचुरल गैस कारपोरेशन आदि के फर्जी कार्ड व लेटर हेड हैं। जिला न्यायालय गौतमबुद्ध नगर की फर्जी मेरिट लिस्ट भी बरामद हुई है।
ठगने के बाद बदल लेते थे ठिकाना व नंबर
आरोपी सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी कर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तैयार करते थे और पैसे लेकर उन्हें असली लेटर बताकर लोगों को देते थे। इसके बाद ये लोग अपना नंबर व ठिकाना बदल लेते थे। पुलिस अब ठगी के शिकार अन्य लोगों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
एफसीआई समेत सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से विभिन्न विभागों के फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी बरामद किए गए हैं। पुलिस इस नेटवर्क के बारे पता लगा रही है।
- हरीश चंदर, डीसीपी, सेंट्रल नोएडा