फिरोजपुर झिरका। खाद के लिए इलाके के किसान पूरा दिन इंतजार कर रहे हैं। इस सब के बावजूद डीएपी खाद की कालाबाजारी करने वाले लोग बाज नहीं आ रहे हैं। फिरोजपुर झिरका थाना प्रबंधक ने राजस्थान नंबर की एक पिकअप को अवैध रूप से 70 कट्टे डीएपी खाद ले जाते हुए महू चोपड़ा मुंबई मेघा एक्सप्रेसवे के पास से धर दबोचा। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रबंधक रमेश चंद ने बताया कि पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली की महू चोपड़ा से राजस्थान की ओर पिकअप गाड़ी हरियाणा में आ रही है। पुलिस ने टीम गठित कर पिकअप को पकड़ने की योजना बनाई। महू चोपड़ा के पास पिकअप को धर दबोचा गया। पिकअप चालक सद्दाम निवासी सिकमाबास थाना नौगावां को मौके से धर दबोचा गया। पिकअप से 70 डीएपी खाद के कट्टे बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही कृषि विभाग के एसडीओ भगवान दास को जांच के लिए बुलाया। जिससे कालाबाजारी की पुष्टि हुई। पुलिस ने इस संदर्भ में चालक सद्दाम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले में खाद की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। सभी कृषि विभाग के अधिकारी और उपमंडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। अगर खाद की कालाबाजारी करता कोई पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ये मामला भी प्रशासन के संज्ञान में है।
- कैप्टन शक्ति सिंह, उपायुक्त जिला नूंह