जेवर। सपा-रालोद गठबंधन के जेवर से प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना के खिलाफ पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया है। प्रत्याशी पर आरोप है कि उन्होंने अनुमति के बिना बनाए कार्यालय बनाया और डेढ़ सौ से अधिक व्यक्तियाें और 50 से अधिक कारों का काफिला जुटा लिया।
कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि कोरोना के कारण चुनाव आयोग ने रैलियों व भीड़ जुटाने पर रोक लगा रखी है। चुनावी कार्यालय बनाने के लिए भी प्रशासन से अनुमति का प्रावधान है, लेकिन भाजपा प्रत्याशी धीरेंद्र सिंह के अलावा किसी ने भी चुनावी कार्यालय की अनुमति नहीं ली है। बुधवार दोपहर बाद जेवर के झाझर रोड पर अवतार का कार्यालय बनाया गया। इस दौरान 150 से अधिक लोग व 50 कारों का काफिला मौजूद था। लोग बिना मास्क व सामाजिक दूरी के भी नजर आए। इसके बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए अवतार सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
कार से चार लाख बरामद, चालक नहीं दे पाया सटीक जवाब
ग्रेटर नोएडा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में लगी स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) ने बुधवार को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र से एक कार से चार लाख रुपये बरामद किए। बुधवार को नॉलेज पार्क पुलिस व स्टैटिक तृतीय टीम जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान सेेक्टर-151 के समीप इनोवा कार को जांच के लिए रोका गया। जांच में चार लाख रुपये मिले। चालक विनीत कुमार मदान से पूछताछ की गई तो वह सटीक जवाब नहीं दे सका। कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस व स्टैटिक टीम ने चार लाख रुपये जब्त कर लिए।
कार से कांग्रेस प्रत्याशी के आठ बंडल पंफलेट बरामद, केस
नोएडा। विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता का पालन कराने के लिए बनीं फ्लाइंग स्क्वॉयड टीमें व कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने सुमित्रा अस्पताल के पास बुधवार को स्कॉर्पियो से दादरी विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी के आठ बंडल पंफलेट बरामद किए। फ्लाइंग स्क्वॉयड की टीम ने कोतवाली सेक्टर-24 में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, पंफलेट पर किसी भी प्रिंटिंग प्रेस का नाम था और न ही इसकी पूर्व में अनुमति ली गई थी। चुनाव आयोग के मानकों के मुताबिक, खर्चा छुपाने के लिए पंफलेट चोरी-छिपे ले जाए जा रहे थे। ब्यूरो