नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र से अगवा तीन वर्षीय बच्चे को सकुशल छुड़ाकर पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दिया है। सेक्टर-63 थाना प्रभारी सर्वेश चंद्र ने बताया कि वाजिदपुर गांव में रहने वाले तीन वर्षीय कृष्णा को उसके पड़ोस में रहने वाली ममता पत्नी नारायण निवासी नौगवां थाना, गौरी बाजार (देवरिया) ने अगवा कर लिया था। वह रिश्ते में कृष्णा की चाची लगती है। ममता का कृष्णा के पिता से दस हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के कारण आरोपी ममता कृष्णा को केला खिलाने का लालच देकर घर से दूर लेकर चली गई व अगवा कर लिया। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने सेक्टर-63 में एसजेएम कट के समीप से घटना के 36 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल छुड़ाकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य घटना में सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस ने बताया कि गिझौड़ गांव में रहने वाले गौरव की चार वर्षीय पुत्री सुबह घर से कहीं निकल गई थी। पुलिस ने उसे ढूंढकर परिजनों को सौंप दिया है।