तावडू। वार्ड नंबर 11 में चारदीवारी तोड़ने का विरोध करने पर दबंगों ने एक ही परिवार के पांच लोगों पर लाठी-डंडों व रॉड से हमला कर घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 10 नामजद और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पीड़ित योगेश कुमार ने बताया कि वह 23 जुलाई को शाम 4:30 बजे सरकारी अस्पताल से घर आ रहा था। उसने देखा की आरोपी बाबूलाल निवासी तावडू अपने परिजनों व अन्य लोगों के साथ मिलकर पीड़ित के घर की चारदीवारी और शेड तोड़ रहे हैं। चारदीवारी तोड़ने का विरोध करने पर आरोपी बाबूलाल ने अपने परिजनों व अन्य लोगों की मदद से लाठी-डंडों व रॉड से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित के चिल्लाने पर पत्नी कविता, मां गियासी देवी, पुत्र यस व भाई की पत्नी सुनीता मौके पर बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। इस हमले में 10 दिन की जच्चा सुनीता के पेट में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के मुताबिक, उक्त जमीन को लेकर पहले से ही न्यायालय में आरोपी व पीड़ित पक्ष की ओर से केस चल रहा है। इस पर न्यायालय द्वारा यथास्थिति बनाए रखने का आदेश भी पारित किया हुआ है। पुलिस ने पीड़ित योगेश कुमार के बयान पर आरोपी बाबूलाल, राघव, आयुष, दयाराम, नितिन, विपिन, रीना, जगमति देवी, नवीन सहरावत आदि के खिलाफ केस दर्ज किया है।