तावडू। अपराध जांच शाखा टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने एक ट्रक में भरी काली मिट्टी के नीचे पांच प्लास्टिक के कट्टों में आंध्र प्रदेश से छुपाकर लाई जा रही 212 किलो 800 ग्राम गांजा पत्ती सहित दो तस्करों को पकड़ा है। सदर थाना पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के मुताबिक बीते रविवार को तावडू सीआईए प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू की टीम को सूचना मिली कि आंध्र प्रदेश से आ रहे एक ट्रक (12 टायरा) में काली मिट्टी के नीचे पांच प्लास्टिक कट्टों में छुपाकर मादक पदार्थ भरकर लाया जा रहा है। आरोपी नशीले पदार्थों की तस्करी करने की नीयत से नूंह से तावडू की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने सीलखो घाटी नूंह रोड पर नाकाबंदी कर दी। एक ट्रक मौके पर पहुंचा जिसे तावडू सीआईए पुलिस टीम ने रुकवा लिया। इसमें सवार दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया और पूछताछ की। इसमें एक ने अपना नाम आजम और दूसरे ने मोहिन निवासी भाजलाका बताया। वहीं, ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें काली मिट्टी के नीचे छुपाकर रखे 5 प्लास्टिक कट्टों में कुल 212 किलो 800 ग्राम गांजा पत्ती बरामद मिली । पुलिस ने गांजा पत्ती के कट्टों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को नियम के मुताबिक अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। दावा है कि रिमांड पर लेने के बाद आरोपियों से तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।