फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनिमेशन से समझाएंगे कैसे लगेंगे ट्विन टावर में विस्फोटक

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा। ट्विन टावर को ध्वस्त करने के लिए शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका से आठ सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम नोएडा पहुंच जाएगी। टीम शाम तक ट्विन टावर का भ्रमण करेगी और एडिफिस के इंजीनियरों के साथ बैठक करेगी। इसमें विशेषज्ञों की टीम एनिमेशन से बिल्डिंग में कहां-कहां पर विस्फोटक लगाया जाना है, इसके बारे में बताएगी और काम शुरू कर देगी। छह विशेषज्ञ नोएडा में ही रहेंगे जबकि दो दक्षिण अफ्रीका लौट जाएंगे और समय-समय पर निरीक्षण करेंगे।
विज्ञापन

इधर, 200 मजदूर अभी टावरों में दीवार तोड़ने व ग्रिल आदि हटाने का काम कर रहे हैं। अभी मजदूर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक काम कर रहे हैं, लेकिन अगले सप्ताह इनसे ओवरटाइम कराया जाएगा। छोटी मशीनों से भी मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के विशेषज्ञों की टीम इंजीनियरों से बात करेगी और किस तरह ट्विन टावर को ध्वस्त किया जाएगा इस पर विस्तृत चर्चा होगी।
पिलर में वी आकार की होगी कटाई, विस्फोटक छड़ें लगेंगी
पिलर में वी आकार की कटाई की जाएगी। इसके बाद इनमें विस्फोटक की छह से आठ इंच की छड़ें लगेंगी। यह काम मई में किया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका के विशेषज्ञों की टीम इस संबंध में रिपोर्ट सौंप देगी। इसके मुताबिक ही आगे का काम किया जाएगा। एडिफिस कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि ट्विन टावर को गिराने के लिए विस्फोटक की करीब तीन किमी की लाइन बिछाई जाएगी। लिफ्ट के पिलर में दो-दोे विस्फोटक लगेंगे। इनकी संख्या करीब 300 तक पहुंच जाएगी। इतनी संख्या में लगाने के कारण ही पूरी बिल्डिंग को एक साथ गिरा सकेंगे।
विज्ञापन

आज ब्लास्ट डिजाइन पर निर्णय की उम्मीद
ट्विन टावर को गिराने के लिए एडिफिस कंपनी ने ब्लास्ट डिजाइन तैयार कर मंगलवार को प्राधिकरण को रिपोर्ट सौंपी थी। इसे प्राधिकरण ने सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीबीआरआई) को भेज दिया था। अब इसका आंकलन कर रिपोर्ट प्राधिकरण को सौंपी जानी है। उम्मीद है कि शुक्रवार को यह रिपोर्ट प्राधिकरण को मिल जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि यदि सीबीआरआई ने कुछ संशोधन किया तो फिर से डिजाइन को तैयार कराया जाएगा। डिजाइन में ब्लास्ट की तीव्रता व कंपन सबसे अहम बिंदु हैं। आसपास काफी इमारतें हैं। उन्हें किसी भी हालत में नुकसान न पहुंचे ऐसा डिजाइन तैयार किया गया है।
मार्च में प्राधिकरण करेगा बिल्डर-एडिफिस के साथ बैठक
ट्विन टावर को ध्वस्त करने के सभी पहलुओं पर प्राधिकरण के आला अधिकारी मार्च के पहले सप्ताह में बैठक करेंगे। इसमें सुरक्षा, गैस की लाइन व धूल आदि के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में सुपरटेक और एडिफिस समेत गेल, बीएसएनएल व मोबाइल कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में मंथन किया जाएगा कि गैस पाइप लाइन को किस तरह क्षतिग्रस्त होने से बचाएं, बिजली तारों को हटवाना है या नहीं और बिजली व सड़क को तीन घंटे के लिए बंद कराया जाएगा। धूल कम करने के लिए दमकल और प्राधिकरण की टीमें पानी का छिड़काव करेंगी। अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि हेलीकॉप्टर से भी पानी की बौछार की जा सकती है। इस पर मार्च में होने वाली बैठक में ही निर्णय होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें