अमर उजाला मार्केट संवाद : जलभराव, बिजली और उड़ती धूल से कारोबार चौपट, दुकानों में भर जाती है धूल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-73 के आर्य नगर मार्केट के व्यापारी मूलभूत सुविधाओं की कमी और अव्यवस्था से परेशान हैं। क्षेत्रीय व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने अपने व्यापारी बंधुओं के साथ अमर उजाला मार्केट संवाद कार्यक्रम में इस संबंध में कारोबार से संबंधित समस्याओं को उजागर किया है, जिनका तत्काल समाधान आवश्यक है।
सबसे प्रमुख समस्या नालियों की नियमित सफाई का अभाव है। गंदगी से भरी नालियां बारिश के दौरान जलभराव का कारण बनती हैं, जिससे सड़कों पर कीचड़ और गंदगी फैलती है। इसके अलावा कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की कमी के कारण कचरा सड़कों पर बिखरा रहता है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रहा है। खुले गड्ढों और नालियों की स्थिति हादसों को न्योता दे रही है, जिससे मार्केट के करीब 50 से अधिक व्यापारियों को अनहोनी चिंता सताते रहती है। मार्केट में स्ट्रीट लाइट्स की स्थिति भी चिंताजनक है। लंबे समय से खराब पड़ी लाइट्स के कारण रात में अंधेरा छाया रहता है, जिससे असामाजिक तत्वों का खतरा बढ़ गया है। सड़कों पर अवैध ठेलों और कार पार्किंग ने यातायात व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सघन आबादी वाले इस क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या आम है, जिसमें ट्रक और ट्रैक्टर भी फंस जाते हैं।
----
व्यापारियों के कोट :
- बाजार में शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। कई माह से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी है। इस मामले को लेकर प्राधिकरण से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।-प्रवीण सक्सेना, अध्यक्ष सेक्टर-73 आर्य नगर व्यापार मंडल।
- मार्केट में अतिक्रमण बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। अवैध रूप से रेहड़ी ठेली वाले बाजार की सड़कों पर दुकान सजाने लगे हैं। विरोध जताने पर मारपीट के लिए उतारू हो जाते हैं। प्राधिकरण को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।- सतीश कश्यप, व्यापारी।
- जलभराव के कारण बाजार में मच्छरजनित बीमारियों के पनपने का खतरा मंडराने लगा है। डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियां जलभराव के कारण पैदा होते हैं। बचाव के लिए जल निकासी के साथ दवाई छिड़काव जरूरी है।- डॉक्टर सचिन चौहान।
- बाजार में सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं हैं। कई बार नालियों की सफाई कर सड़क पर मलवा छोड़ दिया जाता है। जो सूखने के बाद नालियों में वापस चला जाता है या धूलकण बनकर दुकानों में आता है। ये बड़ी समस्या है।-प्रिंस राज, व्यापारी।
- बाजार में बिजली आपूर्ति सुचारू तरीके से नहीं की जाती है। आए दिन लो वोल्टेज और अघोषित कटौती व्यापारियों की परेशानी बढ़ा रही है। इसमें सुधार की जरूरत है।-रविंद्र सिंह, व्यापारी।
- बाजार में ट्रैफिक और जलभराव की समस्या बहुत बड़ी है। प्री मानसून के दौरान हुई बारिश से हुए जलभराव ने व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी। मूसलाधार बारिश में यहां के व्यापारियों की परेशानी और बढ़ जाएगी।- समीर गुप्ता, व्यापारी।
------------
रणजीत मिश्रा