नोएडा। शहर के विभिन्न सेक्टरों में निवासी लावारिस कुत्तों से परेशान हैं। कुत्तों का झुंड आए दिन लोगों पर हमला कर रहा है। इनके डर से बच्चे घरों में कैद हैं। सोमवार को सेक्टर-27 में कुत्तों ने चार लोगों को काट लिया। इससे निवासियों में आक्रोश है। लोगों ने प्राधिकरण से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
सेक्टर-27 आवासीय कल्याण परिषद के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि एक ही कुत्ते ने दो लोगों को काटकर घायल कर दिया। वहीं, शाम को कुत्तों के झुंड ने एक बाइक सवार को काट लिया। इसके अलावा जैन मंदिर के पास भी कुत्तों ने महिला को काट लिया। लोगों का कहना है कि लावारिस कुत्तों की धमाचौकड़ी से सभी परेशान हैं। रात भर घरों के सामने कुत्तों के चिल्लाने और आने-जाने वाले लोगों पर हमला के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टर-27 एफ ब्लॉक निवासी एक युवक ने बताया कि कुछ लोग इन कुत्तों को खाना देते हैं। इससे कुत्ते सेक्टर में ही जमे रहते हैं। इनके डर से बच्चों का निकलना लगभग बंद हो गया। कुत्ते कई लोगों को काट चुके हैं। सोमवार सुबह सात बजे सेक्टर निवासी सना ऑफिस जा रही थी, तभी कुत्ते ने काट लिया। इंद्रा मार्केट में सब्जी की दुकान लगाने वाले युवक को भी उसी कुत्ते ने काट लिया। प्राधिकरण को जल्द कोई कदम उठाना चाहिए। लोगों ने बताया कि कई दिन से 15 से 20 की लावारिस कुत्ते एक झुंड बनाकर घूम रहे हैं। प्राधिकरण अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।