ग्रेटर नोएडा। उच्च प्राथमिक वाजिदपुर विद्यालय की 7वीं कक्षा की छात्रा शिवानी पाल के बनाए गए प्रोजेक्ट का चयन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता में हुआ है। छात्रा को प्रोजेक्ट के लिए 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली है। गांव वाजिदपुर स्थित उच्च प्राथमिक परिषदीय विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनू गुप्ता ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर से सिर्फ शिवानी पाल का चयन हुआ है। अन्य चयनित विद्यार्थी निजी स्कूलों के हैं। उन्होंने बताया कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सड़कों पर लापरवाही बरतते हुए वाहन चालक गलत दिशा में चलते हैं। इसे लेकर छात्रा ने रांग साइड डिटेक्टर (विपरीत दिशा में चलने वाले वाहन की पहचान करना) प्रोजेक्ट बनाया है। इसे काफी पसंद किया गया है। छात्रा के प्रोजेक्ट को चयनित किया गया है। इनाम के रूप में उसे दस हजार रुपये की राशि भी दी गई है। छात्रा अपने प्रोजेक्ट को जिला प्रदर्शनी में प्रस्तुति करेगी। प्रोजेक्ट बनाने में शिक्षिका शालिनी ने मार्गदर्शन किया।