ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ने कोविड के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए संस्थान में 50 बेड का वार्ड तैयार किया गया है। बृहस्पतिवार को कर्नाटक में ओमिक्रॉन के दो मरीज मिलने के बाद से जिले में अलर्ट है।
संस्थान के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से निपटने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। इसके तहत अस्पताल में पहले से 50 बेड के वार्ड को तैयार किया गया है। हालांकि, अभी जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की हरी झंडी का इंतजार है। फिर भी पहले से किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बैठक और पूर्व की तैयारियों को सुनिश्चित किया जा रहा है। इस दौरान लगातार स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से संपर्क कर अपडेट लिया जा रहा है। जिस तरह से कोविड के डेल्टा या डेल्टा प्लस वैरिएंट से निपटने के लिए दवाएं और उपचार की विधि अपनाई जा रही थी, स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन पर उसी तरह से उपचार की तैयारी है।