फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिलालपुर में 42 फिट ऊंची देवीलाल की प्रतिमा का अनावरण

विज्ञापन
नूंह के हिलालपुर में लोगों को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री
विज्ञापन
नूंह। इंडरी खंड के गांव हिलालपुर में शनिवार को जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी ताऊ देवीलाल की जयंती पर रैली का आयोजन किया। इस दौरान जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने गांव हिलालपुर में दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे समीप चौ. देवीलाल की 42 फिट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। देवीलाल को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए फरीदाबाद, गुरुग्राम, मेवात सहित अन्य जिलों से हजारों की संख्या में उनके समर्थक पहुंचे। डॉ. अजय सिंह चौटाला और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हवन-यज्ञ में आहुति देकर उनको श्रद्धांजलि दी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जननायक की प्रतिमा देश-प्रदेश की एकता का प्रतीक है।
विज्ञापन

इस दौरान डॉ. अजय सिंह ने कहा कि जननायक देवीलाल ने हरियाणा के लोगों का जीवन स्तर ऊंचा करने, उनका हक दिलवाने और उन्नति के रास्ते खोलने के लिए पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने कभी ऊंच-नीच का भेदभाव नहीं किया। उनकी नजर में प्रदेश का हर व्यक्ति सम्मान और अधिकार पाने का हकदार था। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने विपक्ष में रहकर प्रदेश की जनता के साथ कंधा से कंधा मिलाकर संघर्ष किया और सत्ता में आने पर जनकल्याणकारी नीतियों को आगे बढ़ाया। आज भी जननायक स्व. देवीलाल देश के करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं। जजपा भाजपा के साथ मिलकर किसानों, मजदूरों और युवा वर्गों के भलाई के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने हरियाणा के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निजी क्षेत्र में 75 फीसदी अरक्षित कर सूबे में नया इतिहास रचा है। प्रदेश के युवाओं को दूसरे जिलों में जाकर परीक्षाएं न देनी पड़े, इसके लिए गठबंधन सरकार ने युवाओं को उनके ही जिलों में परीक्षा केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया। पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत हक दिलवाने सहित भाजपा-गठबंधन सरकार आए दिन जनहित में फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने बुजुर्ग पेंशन 500 दिनों में 500 रुपये बढ़ाकर 2.5 हजार कर दी। आने वाले समय में गठबंधन सरकार वृद्धावस्था पेंशन 5100 रुपये करने का वायदा भी पूरा करेगी।
वहीं, दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में जननायक की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाई गई है, जोकि देश-प्रदेश की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास को और आगे ले जाने के लिए हम सबको मिलकर चलना पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि जजपा देवीलाल की नीतियों पर चलते हुए किसानों और मजदूरों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के किसानों की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा है। सरकार ने प्रदेश में मंडियों की संख्या बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के 190 मंडियों के मुकाबले इस वर्ष प्रदेश में 400 मंडियों में गेहूं की खरीद की गई। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, राज्यमंत्री अनूप धानक, विधायक देवेंद्र बबली, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, पार्टी की महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, विधायक अमरजीत ढांडा आदि ने डॉ. अजय सिंह चौटाला और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की आगवानी की। अब गांव के लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए चंडीगढ़ चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि सरकार ने ग्राम दर्शन पोर्टल की शुरुआत की है। इसके माध्यम से हर व्यक्ति अपनी बात सीएम से लेकर मंत्री और अधिकारियों तक सीधे पहुंचा सकेगा व उसका स्टेटस भी जान पाएगा। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय (एमएसएमई) के तहत ‘वन ब्लॉक-वन प्रोडक्ट’ का सबसे पहला ट्रेनिंग सेंटर मेवात जिले में स्थापित होगा। इस मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, पूर्व मंत्री आजाद मोहम्मद, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बदरुद्दीन, कार्यक्रम आयोजक योगेश शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राहुल जैन आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

मंडियां खत्म र्हुइं तो दे देंगे इस्तीफा
डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछले दस महीनों से कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग प्रदेश के किसानों को बहकाने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोग प्रदेश मेें मंडियां खत्म होने, जमीन पर कब्जे करने और एमएसपी खत्म करने की बात कह कर किसानों को बरगला रहे हैं। उन्होंने कहा कि गारंटी देता हूं कि न किसी की जमीन पर कब्जा होगा और न ही मंडियां व एमएसपी खत्म होंगी। यदि ऐसा हुआ तो वह जजपा के सभी विधायकों के साथ इस्तीफा दे देंगे।
मेवात में 1070 करोड़ से सड़कों का हो रहा निर्माण
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में 15 अक्तूूबर से निजी क्षेत्र में प्रदेश के युवाओं के लिए आरक्षण का कानून लागू होगा। उनका मेवात से पुराना नाता है। इस क्षेत्र के विकास के लिए गठबंधन सरकार प्रतिबद्ध है। पिछले 700 दिनों में मेवात क्षेत्र में गांवों को गांव से जोड़ने के लिए 1070 करोड़ की लागत से सड़कों का निर्माण हो रहा है। नूंह और झिरका के बीच रोड को फोर लेन करने के लिए केंद्र सरकार से प्रदेश ने मंजूरी ले ली है। अब 290 करोड़ का टेंडर जारी होगा। इसी प्रकार नूंह-पलवल सहित अन्य बड़ी सड़कों का चौड़ा किया जाएगा। पुन्हाना और पिनगवां बाईपास का काम भी जल्द पूरा होगा।
लीथियम बैटरी की कंपनी में 7 हजार को मिलेगा रोजगार
उन्होंने कहा कि आईएमटी रोजका मेव में 180 एकड़ भूमि पर भारत की सबसे बड़ी लीथियम बैटरी बनाने वाली कंपनी स्थापित होने जा रही है। इसमें करीब 7 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन सात हजार रोजगार में 75 प्रतिशत युवा हरियाणा से होंगे। इसी प्रकार हाजीपुर में वालमार्ट-फ्लिपकार्ट कंपनी भी 11 हजार रोजगार में से हरियाणा के 8 हजार युवा रोजगार पाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें