शेयर बाजार में निवेश के नाम पर झांसा देकर 29 लाख ठगे
फेसबुक पर दोस्ती कर जालसाज की वारदात, पुलिस की छानबीन जारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शेयर बाजार में निवेश कराकर लाखों की कमाई करने का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने सेक्टर-62 निवासी सुनील भाटिया से 29 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। साइबर सेल की टीम उन खातों के बारे में पता लगा रही है जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है।
शिकायत में सुनील ने बताया कि इस साल जनवरी में फेसबुक पर उनकी मुलाकात अनजान शख्स से हुई। इसके बाद मैसेंजर पर उससे बात होने लगी। बातचीत के दौरान आरोपी ने मोबाइल नंबर ले लिया फिर दोनों में व्हाट्सएप पर बात होने लगी। आरोपी ने खुद को स्टॉक स्पेशल ट्रेनिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि वह स्टाॅक मार्केट में निवेश करने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण देता है। इसके बाद कुछ सुझाव दिए और एक खुद के ऐप के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि तीन संस्थानों से उसका करार है जो शेयर बाजार में बेहतर लाभ दिलाते हैं।
आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिये विराद गांधी, हिना मेहता और प्रीति राठी नामक कथित शेयर ब्रोकर से बात कराई। तीनों ने शेयर बाजार को भविष्य का निवेश बताया और रकम देकर मुनाफा हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। आरोपियों ने पीड़ित को आईपीओ में निवेश के लिए बार-बार प्रेरित किया और लाखों मुनाफा कमाने का भरोसा दिया।
जालसाज ने मुनाफे वाले कई स्क्रीनशॉट भी सुनील को भेजे। इसके बाद ठगों ने झांसे में लेकर सुनील से 29 लाख रुपये निवेश करा दिए। आरोपी मुनाफा कमाने के लिए पीड़ित पर और अधिक रकम निवेश करने का दबाव बनाया। जब भाटिया ने निवेश की गई रकम मांगी तब जालसाजों ने उससे बात करना बंद कर दिया। इस दौरान जालसाजों ने उन्हें एक एप के माध्यम से दिखाया था कि कम समय में ही चार लाख रुपये का मुनाफा हो गया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।