ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण के औद्योगिक विभाग के 14 भूखंड का आवंटर शुक्रवार को ड्रॉ और साक्षात्कार से माध्यम से किया गया। अब यहां उद्योग विकसित होने से 800 करोड़ के निवेश और 2000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर औद्योगिक भूखंडों की योजना लांच की गई थी। ये भूखंड, ईकोटेक-वन एक्सटेंशन वन, ईकोटेक-8, 6, 10, 11 व सेक्टर-16 में स्थित हैं। योजना के अंतर्गत भूखंडों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। 4000 वर्ग मीटर से कम आकार के भूखंडों का आवंटन ड्रॉ व इससे बड़े आकार के भूखंडों का आवंटन साक्षात्कार से होना था।
बृहस्पतिवार व शुक्रवार हुए ड्रॉ व साक्षात्कार में 14 आवेदक सफल हुए। सभी आवेदकों ने भूखंड के एवज में एकमुश्त भुगतान का विकल्प चुना है यानी आवंटित जमीन की कुल कीमत का भुगतान एक साथ किया जाएगा। इससे प्राधिकरण को 130 करोड़ रुपये एक साथ मिल जाएंगे। इस वित्तीय वर्ष में अब तक एकमुश्त भुगतान के तहत करीब 600 करोड़ रुपये की जमीन आवंटित की जा चुकी है। इससे करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश और 7000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।