जेवर। रोही गांव की जमीन पर 25 नवंबर को एयरपोर्ट के शिलान्यास, भूमि पूजन और जनसभा के लिए पुलिस-प्रशासन और ज्यूरिख व इवेंट कंपनी के अधिकारियों ने दिनभर निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल में लोगों से लेकर वीआईपी और वीवीआईपी की एंट्री, पार्किंग से लेकर मंच, हेलीपैड के स्थान चिह्नित कर अंतिम रूप दिया। कार्यक्रम के लिए कुल दस जगह पार्किंग बनेंगी। इवेंट कंपनी अब पुलिस अधिकारियों की ओर से दिए गए सुझावों को अंतिम रिपोर्ट में शामिल कर रविवार को फिर से प्रस्तुतिकरण करेगी। इसके बाद सोमवार से कार्यक्रम स्थल पर टेंट लगाने का काम शुरू हो जाएगा।
इससे पहले एडिशनल कमिश्नर लवकुमार, ट्रैफिक डीसीपी गणेश प्रसाद, डीसीपी अमित कुमार व एडीसीपी विशाल पांडेय की टीम ने एयरपोर्ट के कार्यक्रम स्थलों का दौरा करते हुए इवेंट कंपनी से प्रस्तुतीकरण मांगा। कंपनी ने 200 मीटर चौड़ाई व 500 मीटर लंबाई में जमीन तैयार कराकर देने के लिए कहा। इस पर एयरपोर्ट निर्माता कंपनी ने मार्किंग कराते हुए रविवार तक जमीन तैयार कराने का आश्वासन दिया। इस जमीन पर 140 मीटर चौड़ा व 280 मीटर लंबा टेंट लगेगा। बाकी जगहों को खुला छोड़ने के साथ ही मंच और अन्य जन सुविधाओं को तैयार किया जाएगा। टेंट में बैठने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए जगह-जगह एलईडी स्क्रीन और साउंड का भी इंतजाम किया जाएगा।
यहां से मिलेगी लोगों को एंट्री
आम जनता को सभा स्थल तक पहुंचाने के लिए जेवर बुलंदशहर मार्ग के अलावा रोही संपर्क मार्ग व किशोरपुर की तरफ से एंट्री दी जाएगी। मुख्य मंच रोही गांव की तरफ नगला फूलखां की तरफ बनेगा। तीनों हेलीपैड को सभा स्थल से रोही गांव की तरफ बनाया जाएगा।
यहां-यहां होगी पार्किंग
जेवर की तरफ से जाने वालों के लिए किशोरपुर गांव से आगे रजवाहे से पहले दोनों तरफ दो पार्किंग बनेंगी, जिसमें बस कार व छोटे वाहनों को खड़ा किया जाएगा। इसी तरह बुलंदशहर सिकंद्राबाद की तरफ से आने वालों के लिए रन्हेरा चौकी के पास दो पार्किंग बनेंगी। इसी तरह खुर्जा की तरफ से आने वालों के लिए रोही गांव के पास दो पार्किंग बनेंगी। इसके वीआईपी और वीवीआईपी के लिए निर्माण स्थल के साइट ऑफिस के पीछे बड़ी पार्किंग बनेगी। मीडिया के लिए फैलदा कट से उतरकर दयानतपुर होते हुए नगला छीतर मार्ग के पास पार्किंग होगी। अलीगढ़ की तरफ से आने वालों के लिए बनवारीवास गांव के पास भी पार्किंग होगी।
तेजी से चल रहा शिला लगाने के लिए काम
कार्यक्रम स्थल के सामने ही लगभग 500 मीटर की दूरी पर शिलान्यास स्थल पर सड़क से लेकर शिला लगाने के लिए काम तेजी से चल रहा है। शिलान्यास स्थल को भव्य रूप देने के लिए गोलाकार आकार के फाउंडेशन का निर्माण कंपनी करा रही है।
इमरजेंसी के लिए सड़कें बनेंगे
जेवर-बुलंदशहर मार्ग से बनवारीवास गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के दोनों तरफ से लेकर हेलीपैड स्थल तक व वीवीआईपी के आगमन को लेकर दो सड़कों का अस्थायी तौर पर निर्माण कराया जाएगा, ताकि इमरजेेंसी की हालत में प्रधानमंत्री को इस मार्ग का उपयोग करते हुए लाया और ले जाया जा सके।
इवेंट कंपनी ने मांगा अस्थायी बिजली कनेक्शन
इवेंट कंपनी ने कार्यक्रम स्थल पर टेंट लगाने से लेकर अन्य कार्य और सभा के लिए विद्युत विभाग से अस्थायी कनेक्शन की मांग की है। शनिवार को साइट पर पहुंचे विभाग के कर्मचारियों ने सर्वे करते हुए एयरपोर्ट के लिए बनाई गई लाइन से आपूर्ति देने का फैसला किया है जिसे दो से तीन दिन में आपूर्ति सुचारु की जा सकेगी।