राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के मकसद से सम-विषम फॉर्मूला दोबारा 15 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। लेकिन इससे पहले नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने एक कमेटी गठित कर राजधानी के अलग-अलग स्थानों से वायु गुणवत्ता जांच करने का निर्देश दिया है।
बेंच ने कहा है कि कमेटी राजधानी में दस विभिन्न साइटों से वायु गुणवत्ता का सैंपल एकत्र कर रिपोर्ट तैयार कर ट्रिब्यूनल के समक्ष पेश करे। वहीं वायु प्रदूषण से जुड़े अन्य मामले की सुनवाई बुधवार को हो सकती है।
जस्टिस स्वतंत्र कुमार की अध्यक्षता वाली बेंच ने मंगलवार को वर्धमान कौशिक के मामले की सुनवाई के दौरान यह निर्देश दिया।