बांग्लादेश से आई सोनिया अख्तर पहले ग्रेटर नोएडा में रहकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस से न्याय की मांग कर रही थी। सोनिया अख्तर का कहना था कि ग्रेटर नोएडा में रहने वाले पति सौरभकांत तिवारी ने बांग्लादेश में धोखा देकर निकाह किया था। तब सौरभ ने पहली पत्नी की मृत्यु होने की बात कही थी। इसके बाद सौरभ ने धर्म परिवर्तन कर निकाह कर लिया। शादी के बाद सोनिया ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद पहली पत्नी की शिकायत पर सौरभ को बांग्लादेश की कंपनी ने हटा दिया गया। वह भारत आ गया। सोनिया अख्तर सवा साल के बेटे को लेकर बांग्लादेश से भारत आई है।
अब सोनिया की सीमा हैदर के वकील एपी सिंह मदद कर रहे हैं। वकील एपी सिंह ने बताया कि बांग्लादेश के हाईकमीशन के अवगत कराने के बाद बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने जी-20 में आने के दौरान सोनिया शिकायत को कार्रवाई के लिए भारत सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रेषित किया था। अब प्रधानमंत्री कार्यालय के अग्रेषित करने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले इस मामले में सीएम योगी को भी अवगत कराया गया। इसके बाद 16 सितंबर को लखनऊ बुलाकर पूछताछ भी की गई। उन्होंने कहा कि सोनिया संग कोई अन्याय नहीं होगा, उसे जल्द न्याय मिलेगा।