स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के दौरान सुरक्षा में पहली बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर तैनात किए जाएंगे।
वायुसेना हिंडन एयरबेस ने स्वतंत्रता दिवस पर किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयारी कर ली है।
अभी तक स्वतंत्रता दिवस पर सिर्फ एमआई-35 ही तैनात किए जाते थे, लेकिन इस बार अत्याधुनिक हथियारों से लैस एमआई-17 भी मुस्तैद रहेंगे।
वायुसेना के आठ हेलीकॉप्टर न सिर्फ लालकिले के आसपास बल्कि पूरे दिल्ली-एनसीआर की मूवमेंट पर नजर रखेंगे। गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद हिंडन एयरबेस में तैनात भारतीय वायुसेना के अधिकारियों ने सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है।
हिंडन एयरबेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग अनिल सभ्भरवाल ने बताया कि 14 अगस्त की रात से आठ हेलीकॉप्टर तैनात रहेंगे।
पिछले वर्ष तक एमआई-35 तैनात थे लेकिन इस बार अत्याधुनिक हथियाराें से लैस एमआई-17 प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहेगी।
14 अगस्त की रात से होगी हेलीकॉप्टरों की तैनाती
वायुसेना पहली बार 14 अगस्त की रात से मोर्चा संभाल लेगी। इनकी तैनाती 15 अगस्त की रात तक रहेगी। पिछले वर्ष सुबह से लेकर भाषण खत्म होने के बाद तक ही तैनाती रही थी।
ये पहली बार है तब एक रात पहले ही हेलीकॉप्टर तैनात होंगे और 15 अगस्त की रात तक तैनात रहेंगे।
एमआई-17 को खासतौर पर पीएम की सुरक्षा की जिम्मेदारी
अधिकारियों की मानें तो कुल आठ हेलीकॉप्टर में से चार एमआई-17 है। इन पर खासतौर पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा का दारोमदार रहेगा।
एमआई-17 किसी भी तरह के खतरे पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन की अगुवाई करेगा। इसके साथ ही चार एमआई-35 लालकिले और दिल्ली-एनसीआर की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
एमआई-17 की ताकत
मीडियम वेट हेलीकॉप्टर एमआई-17 पलक झपकने से पहले ही दुश्मनों को खत्म करने की क्षमता रखता है। यह पूरी तरह अत्याधुनिक हथियारों से लैस है। ये मौसमी राडार से लैस हेलीकॉप्टर है और अंधेरे में भी खतरा भांप लेता है।