फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: पहले ही दिन में 18 हजार से ज्यादा को मिली कोरोना वैक्सीन की एहतियात खुराक, 1500 से ज्यादा केंद्रों पर हुआ कोविड टीकाकरण

Tue, 11 Jan 2022 01:13 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

विभागीय अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में करीब 2.50 लाख स्वास्थ्यकर्मी, तीन लाख फ्रंटलाइन वर्कर, 2.75 लाख पहले से बीमार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु वालों की आबादी है। इन सभी को एहतियात खुराक दी जाने वाली है।
विज्ञापन
60 वर्ष या उससे अधिक आयु वालों को एहतियात खुराक लगना शुरू - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पहले ही दिन दिल्ली में 18 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना वैक्सीन की एहतियात खुराक हासिल की है। सोमवार को स्वास्थ्य कर्मचारी, फ्रंटलाइन वर्कर और पहले से बीमार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु वालों को एहतियात खुराक लगना शुरू हुआ है। दिल्ली में 1500 से ज्यादा केंद्रों पर दिन भर कोविड टीकाकरण चला। इस दौरान 51 हजार से अधिक किशोरों ने वैक्सीन की पहली खुराक भी हासिल की। 

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सोमवार को रात आठ बजे तक अधिकांश केंद्रों पर टीकाकरण चलता रहा। पहले दिन 18654 लोगों ने एहतियात खुराक ली है। जबकि 15 से 17 वर्ष के 51579 किशोरों ने पहली खुराक हासिल की है। पूरे दिन में 1,97,260 लोगों ने वैक्सीन हासिल की जिसमें सभी आयुवर्ग और एहतियात खुराक शामिल हैं। विभाग ने बताया कि राजधानी में अब तक कुल टीकाकरण 2.77 करोड़ हुआ है जिनमें से 1.16 करोड़ आबादी दोनों खुराक लेकर टीकाकरण पूरा कर चुकी है। 

विभागीय अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में करीब 2.50 लाख स्वास्थ्यकर्मी, तीन लाख फ्रंटलाइन वर्कर, 2.75 लाख पहले से बीमार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु वालों की आबादी है। इन सभी को एहतियात खुराक दी जाने वाली है। इनके अलावा 15 से 17 वर्ष की आयु के 10.84 लाख किशोर हैं जिनमें से अब तक 3.02 लाख किशोर पहली खुराक ले भी चुके हैं। इन्हें बीते तीन जनवरी से वैक्सीन दी जा रही है। 
विज्ञापन


धर्मशिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रह्लाद प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार फ्रंटलाइन वर्कर्स और 60 वर्ष से अधिक उम्र के को-मॉर्बीडिटीज से जूझ रहे नागरिकों के लिए एहतियात खुराक दी जा रही है। उनके यहां पहले दिन 55 लोगों को यह खुराक दी गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सोमवार को सबसे अधिक एहतियात खुराक सुबह 10 से दोपहर दो बजे के बीच दी गईं। इस दौरान यह भी देखने को मिला कि जैसे जैसे ड्यूटी पर स्टाफ पहुंचता गया, ठीक वैसे ही उन्होंने सबसे पहले एहतियात खुराक हासिल की और उसके बाद अपनी ड्यूटी को ज्वाइन किया। नियमानुसार जिन लोगों को दूसरी खुराक लगवाए नौ माह पूरे हुए हैं उन्हें एहतियात खुराक दी जा रही है।

अगर जिलावार स्थिति देखें तो नई दिल्ली जिला में सबसे अधिक लोगों ने एहतियात खुराक ली है। इस जिले में अधिकांश सरकारी अस्पताल, डिस्पेंसरी और क्लिनिक हैं। यहां पहले ही दिन 2626 लोगों ने एहतियात खुराक हासिल की। सबसे कम शाहदरा जिले में 1023 को एहतियात खुराक मिली। इनके अलावा दक्षिण पश्चिम में 1765, उत्तर पश्चिम में 1744, पश्चिम दिल्ली में 2074, दक्षिण पूर्वी में 1880, उत्तरी में 1219, मध्य दिल्ली में 1513, दक्षिण दिल्ली में 2110, पूर्वी दिल्ली में 1039 और उत्तर पूर्वी में 1610 लोगों को एहतियात खुराक दी गई। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें