जानकारी के अनुसार बिल्ला और सुषमा अपने परिवार के साथ विवेक विहार के ज्वाला नगर में रहते हैं। करीब 16 साल पहले दोनों की शादी हुई थी। इनके यहां 15 और 12 साल के दो बेटे हैं। बिल्ला जोमैटो में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। सुषमा के भांजे ने बताया कि करीब सात साल पहले उसका मौसा बिल्ला एक महिला के संपर्क में आया था। महिला ने उसके मौसा को संन्यास लेने के लिए तैयार कर लिया।
इसके बाद मौसा का एक धर्म के प्रति काफी झुकाव हो गया। इसी वजह से उसके मौसा ने भोलानाथ नगर का अपना फ्लैट भी बेच दिया। मौसी भोलानाथ नगर में ही अलग मकान में रहने लगी और मौसा भोपुरा चले गए। दोनों ने अलग रहने का फैसला किया। लेकिन परिजनों के समझाने के बाद पांच-छह दिनों से दोनों एक साथ रह रहे थे।
आरोप है कि मंगलवार रात को किसी बात पर बिल्ला और सुषमा का किसी बात पर झगड़ा हो गया। अचानक बिल्ला ने चाकू निकालकर सुषमा पर हमला कर दिया। सुषमा ने भी रसोई के चाकू से बिल्ला पर हमला कर दिया। दोनों जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। गले पर चाकू लगने की वजह से बिल्ला की हालत नाजुक बनी हुई है। विवेक विहार थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।