वेस्ट गुरु अंगद नगर के मकान में मंगलवार रात को जो कुछ उससे पूरा मोहल्ला सकते में है। पड़ोसियों का कहना था कि पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे, यहां तक मारपीट भी होती थी, लेकिन किसी को यह नहीं पता था कि नीरज ऐसा भी कर सकता है। दरअसल ज्योति चाहती थी कि उसका पति गुरु अंगद नगर का फ्लैट बेचकर पालम में मकान ले ले। लेकिन इसके लिए नीरज तैयार नहीं था। वहीं आर्थिक तंगी की वजह से भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ करता था। नीरज अपनी पत्नी के चरित्र पर शक भी करता था। दोनों के बीच झगड़े के बाद कई बार पुलिस कॉल भी हुई थी। ज्योति ने मामले की शिकायत महिला अपराध शाखा के अलावा दिल्ली महिला आयोग से भी की हुई थी।
ज्योति के पड़ोस में रहने वाली महिला विनीता ने बताया कि उनका बेटा ज्योति के बेटे के साथ ही राधु प्लेस स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ता है। नीरज ज्योति को बुरी तरह पीटता था। ज्योति ने कई बार उसे पति के जुल्मों के बारे में बताया था। नीरज अक्सर अपने बेटे को चौथी मंजिल की रैलिंग पर खड़ा कर नीचे कूदने के लिए कहता था। दोनों बेटे भी अपने पिता से बुरी तरह डरते थे।
आरोपी पत्नी को छोड़कर नीचे अपनी मां के साथ रहता था। विनीता ने बताया कि मंगलवार को अचानक शोर शराबा हुआ तो पता चला कि नीरज ने ज्योति को चाकू कर दिया है। बाद में पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। देर रात को पता चला कि ज्योति और नीरज दोनों की मौत हो गई है। इस वारदात के बाद से पूरा मोहल्ला सकते में है। पड़ोसियों ने बताया की नीरज अक्सर ज्योति को जानवरों की तरह पीटता था।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि आर्थिक तंगी और प्रॉपर्टी विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था। नीरज अपनी पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था। पुलिस आशंका जता रही है कि हत्याकांड की वजह यह ही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों, रिश्तेदारों व पड़ोसियों से पूछताछ कर लक्ष्मी नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।