आगामी 15 अप्रैल को सम विषम फॉर्मूला के दौरान स्कूली बच्चों को निजी कार में स्कूल छोड़ने वाले अभिभावकों को सशर्त छूट दी गई है। मसलन उन्हें तभी तक छूट मिलेगी जब तक बच्चा स्कूल यूनिफॉर्म में कार में बैठा है। स्कूल छोड़ने जाते समय तो चालान नहीं कटेगा लेकिन लौटते समय चालान कट जाएगा।
इसी तरह दोपहर स्कूल लेने जाते समय चालान कट जाएगा लेकिन लौटते समय बच्चा साथ होगा तो छूट नहीं मिलेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह मुश्किल फैसला था। इसलिए दिल्लीवालों से अपील है कि कारपूलिंग के जरिए इस समस्या से बचे।
केजरीवाल ने सम विषम फॉमूर्ल के दूसरे चरण के नियमों के बारे में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्लीवालों की राय लेने के बाद इसे दोबारा लागू किया जा रहा है। मुझे उम्मीद है कि वह इसे पहले फेज की तरह इस बार सफल बनाएंगे।
यह पूछे जाने पर कि इस फॉमॅूले को सरकार हमेशा के लिए लागू करने जा रही है तो इस पर मुख्यमंत्री का कहना है कि फिलहाल ऐसा नहीं है। लेकिन, दूसरे चरण की सफलता के बाद इसे महीने में 15 दिन लागू किए जाने पर विचार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस बार 15-30 अप्रैल के बीच सिर्फ 9 कार्य दिवस है। इसमें एक व्यक्ति को अधिकतम चार से पांच दिन की समस्या होगी। वह यार दोस्तों, पड़ोसियों के साथ मिलकर कारपूलिंग से इस समस्या को समाधान निकाले। उन्होंने कहा कि इसे छोड़कर सभी व्यवस्था पहले फेज के सम विषम की तरह लागू होगा।
केजरीवाल ने बताया कि यह सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक लागू होगा। रविवार को पूरे दिन छूट मिलेगी। वह खुद और उनके मंत्री इस छूट के दायरे से बाहर रहेंगे। बाकी वीआईपी को पहले की ही तरह छूट मिलती रहेगी। लेकिन मेरी अपील है कि छूट पाने वाले भी इस नियम को मानें।
केजरीवाल ने बताया कि इस बार भी नियम नहीं मानने वालों पर 2000 रुपये का जुर्माना लगेगा। हालांकि इस बार दिल्ली में एमसीडी चुनाव की घोषणा को देखते हुए सरकार ने चुनाव आयोग, राज्य चुनाव आयोग के वाहनों को छूट दी है। अकेली महिला को 12 साल तक के बच्चे के साथ कार चलाने की इस नियम में छूट है।
परिवहन मंत्री गोपाल राय ने इस मौके पर बताया कि सम विषम को लेकर 90 फीसदी तैयारियां पूरी कर दी गई है। हेल्पलाइन नंबर भी शुरू कर दिया गया है अगर कोई सुझाव या जानकारी चाहता है तो ले सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदूषण मापने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मेट्रो इस बार पिछली बार की 3192 ट्रिप के बजाए 252 अधिक 3248 ट्रिप लगाएगी। जबकि रुटीन में 2994 ट्रिप लगाती है मेट्रो। जबकि 6000 बसें भी उतरने के लिए तैयार है। गरमी के चलते मेट्रो में भीड़ रहने की उम्मीद है इसलिए अतिरिक्त टिकट काउंटर के साथ सीआईएसएफ के जवान भी तैनात रहेंगे।