उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्धनगर जिले के नोएडा में हिंदू-मुस्लिम परिवार ने एक बार फिर से भाईचारे की नई मिसाल दी है। एक हिंदू और एक मुस्लिम महिला ने एक-दूसरे के पति को किडनी देकर उनको नया जीवन दिया है।
हिंदू मरीज की पत्नी का ब्लड ग्रुप मुस्लिम मरीज और मुस्लिम मरीज की पत्नी का ब्लड ग्रुप हिंदू मरीज के साथ मैच हो रहा था। ऐसे में मरीजों की जान बचाने के लिए डॉक्टर ने इन्हें एक-दूसरे के पति को किडनी देने का सुझाव दिया, जिसके बाद ऑपरेशन किया गया।
डॉक्टरों का कहना है कि किडनी ट्रांसप्लांट ने न सिर्फ दो मरीजों की जान बचाई है, बल्कि समाज को आपसी सद्भाव का संदेश दिया है।
जेपी अस्पताल के डॉ. अनिल प्रसाद भट्ट ने बताया कि 53 वर्षीय इकरम और 43 वर्षीय अनिल कुमार राय की किडनी हाई ब्लड प्रेशर के कारण खराब हो गई थी।
सही डोनर न मिल पाने की वजह से दोनों की जिंदगी जोखिम में थी। दोनों परिवार अस्पताल में इलाज के लिए आए थे। अस्पताल प्रशासन ने दोनों परिवारों से मिलकर उन्हें बताया कि दोनों मरीजों की पत्नी एक -दूसरे की जान बचा सकती हैं।