गुरुग्राम में राइट टू सर्विस कमीशन के चीफ कमिश्नर टीसी गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के 270 अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। ये वो अधिकारी हैं, जिन्होंने समय से लोगों को नोटिफाइड सुविधाएं नहीं दी हैं। उनके बारे में कमीशन के पास प्रमाण के साथ शिकायतें आईं हैं।
फिलहाल उनको नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उनका जवाब मिलने के बाद आरोपों की पुष्टि हुई तो पहले फेज में उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। चीफ कमिश्नर ने कहा कि ज्यादातर शिकायतें एचएसवीपी, लघु सचिवालय, एचएसआईआईडीसी, पुलिस तथा आरटीए विभाग के अफसरों से जुड़ी हुईं हैं। इनमें से सर्वाधिक शिकायतें गुरुग्राम जिले की हैं। इन सभी की मॉनिटरिंग के लिए 25 अधिकारियों को तैनात किया गया है। इन सभी मामलों में नवंबर तक निर्णय लिया जाएगा।