गुरुग्राम। नए शैक्षणिक सत्र में स्नातकोत्तर में दाखिला प्रक्रिया के तहत महाविद्यालय स्तर पर दो मेरिट सूची जारी होने के बाद भी अलग-अलग संकायों में सीटें खाली बची हैं। बुधवार को खाली बची सीटों पर दाखिला के लिए खुली काउंसलिंग आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने सुबह महाविद्यालयों में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अब बृहस्पतिवार की सुबह तीसरी मेरिट सूची जारी होगी, जिसमें शामिल विद्यार्थियों के मोबाइल पर फीस जमा कराने के लिए लिंक भेजा जाएगा और विद्यार्थी रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा करा सकेंगे।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के 3 राजकीय महाविद्यालयों में राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-14, रेलवे रोड स्थित द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय और राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-9 में स्नातकोत्तर की पढ़ाई होती है। स्नातकोत्तर में दाखिला प्रक्रिया के तहत 7 अक्तूबर से 27 अक्तूबर को ऑनलाइन आवेदन किए गए। 2 नवंबर को उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा पहली मेरिट सूची जारी की जानी थी, लेकिन पोर्टल में तकनीकि समस्या आने के कारण 3 नंवबर को मेरिट सूूची जारी हो सकी। 10 नवंबर तक विद्यार्थियों को फीस जमा कराने का समय दिया गया था। 12 नवंबर को खुली काउंसलिंग के तहत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज कराई और 13 नवंबर को महाविद्यालय स्तर पर पहली मेरिट सूची जारी हुई।
वहीं, महाविद्यालय स्तर पर दूसरी मेरिट सूची के लिए 16 नवंबर को जारी हुई, जिसमें रात्रि 12 बजे तक फीस जमा कराने का समय दिया गया था। बुधवार की सुबह महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज कराई और बृहस्पतिवार को महाविद्यालय स्तर पर तीसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-14 की दाखिला नोडल अधिकारी सरिता सिरा ने बताया कि महाविद्यालयों के स्नातकोत्तर के सभी संकायों में एक या दो सीटें ही बची हुई हैं। तीसरी मेरिट सूची के तहत दाखिला प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।