गुरुग्राम। सेक्टर-74 में नरसिंहपुर गांव के पास दो भाइयों के ब्रेजा कार के सामने एसयूवी स्कॉर्पियों और पीछे एक अन्य कार लगाकर 7-8 बदमाशों ने 1 लाख 80 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिए। बादशाहपुर थाने में बुधवार को रास्ता रोककर मारपीट, जानलेवा हमले, जान से मारने की धमकी देने व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, नूंह में तावडू के गांव कोटा खंडेवला निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह कारोबारी हैं। मंगलवार को करीब तीन बजे वे छोटे भाई राजेश के साथ सेक्टर-74 में महिंद्रा के सर्विस सेंटर अपनी स्कॉर्पियो लेने आए थे। काम पूरा न होने के कारण गाड़ी वहीं छोड़कर वे ब्रेजा कार से लौट रहे थे। गाड़ी वे चला रहे थे, जबकि राजेश बगल वाली सीट पर थे। सर्विस सेंटर से पीछे वाली सड़क पर पहुंचते ही एक स्कॉर्पियो आई और ब्रेक लगाकर उनकी गाड़ी का रास्ता रोक दिया। पीछे भी एक कार आकर खड़ी हो गई, ताकि ये पीछे न भाग सकें। इन गाड़ियों से 7-8 बदमाश हाथों में डंडे व लोहे के सरिये लेकर उतरे। वे कार से नीचे उतारकर दोनों भाइयों को पीटने लगे। बदमाशों ने इनकी कार में तोड़फोड़ भी की।
इसी दौरान नरेश किसी तरह बचकर भागे और मदद के लिए शोर मचाया। उस समय भी आरोपी राजेश को पीटते रहे। कुछ लोग मदद के लिए आए तो आरोपी अपनी कार लेकर भाग गए। राजेश को गंभीर हालत में मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया गया। आरोप है कि कार में गियर के पास रखे 1 लाख 80 हजार रुपये नकद व राजेश का मोबाइल भी वे लूट ले गए। नरेश का कहना है कि बिना किसी बात झगड़ा किया गया। मेदांता अस्पताल से सूचना पर बादशाहपुर थाने से पुलिस पहुंची।